डीआरएम अश्विनी कुमार ने बढ़ाया खिलाड़ियों का हौसला, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अनुष्का दुबे की मौजूदगी बनी प्रेरणा
जनसंदेश (बंशी लाल पोरवाल जावरा )
वेस्टर्न रेलवे एम्पलाइज यूनियन (WREU) द्वारा आयोजित 35वें वार्षिक फुटबॉल समर कैंप का रविवार को रेलवे फुटबॉल ग्राउंड पर उत्साह और उमंग के साथ समापन हुआ। 19 अप्रैल से प्रारंभ हुए इस शिविर में 5 से 15 वर्ष आयु वर्ग के करीब 130 बच्चों ने भाग लेकर फुटबॉल की बारीकियां सीखीं और अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि मंडल रेल प्रबंधक अश्विनी कुमार रहे। उनके साथ यूनियन के मंडल अध्यक्ष ह्रदेश पांडे एवं मंडल मंत्री मनोहर सिंह बारठ विशेष रूप से मौजूद रहे। खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए अतिथियों ने कहा कि खेल बच्चों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं और इससे अनुशासन, आत्मविश्वास एवं टीम भावना का विकास होता है।
कार्यक्रम में विशेष आकर्षण अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी सुश्री अनुष्का दुबे रहीं, जिन्होंने जापान में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर रजत पदक जीतकर देश को गौरवान्वित किया। बच्चों ने उनसे प्रेरणा लेकर खेल के प्रति अपने उत्साह को और मजबूत किया।समापन अवसर पर रतलाम फुटबॉल क्लब एवं राजस्थान के निंबाहेड़ा क्लब के बीच मैत्रीपूर्ण फुटबॉल मुकाबला खेला गया। रोमांचक मुकाबले में दोनों टीमों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया और निर्धारित समय तक मैच 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ।
निंबाहेड़ा टीम का नेतृत्व कोच तालिब खान ने किया।शिविर के दौरान बच्चों को ब्लू, रेड, व्हाइट एवं येलो हाउस में विभाजित कर प्रशिक्षण दिया गया। कोच श्याम सुंदर केथवास, अनीस सिद्दीकी, कमल यादव, मदन रैकवार, अशोक नायडू, वेद प्रकाश शर्मा, मंजूर, जेम्स विलियम, सिद्धार्थ दालौर, रमेश बोरासी एवं प्रदीप पारू ने खिलाड़ियों को तकनीकी प्रशिक्षण देकर खेल कौशल को निखारा।मैच से पूर्व अतिथियों का स्वागत यूनियन पदाधिकारियों द्वारा किया गया।
कार्यक्रम का संचालन यूनियन फुटबॉल क्लब के सचिव एवं जेसी बैंक के पूर्व डायरेक्टर वाजिद खान ने किया। अंत में मंडल उपाध्यक्ष हरीश चंदवानी ने सभी का आभार व्यक्त किया।वेस्टर्न रेलवे एम्पलाइज यूनियन के मंडल प्रवक्ता अशोक तिवारी ने बताया कि यूनियन पिछले 35 वर्षों से लगातार इस समर कैंप के माध्यम से रेलकर्मियों एवं शहर के बच्चों को खेलों से जोड़ने और नई प्रतिभाओं को मंच देने का कार्य कर रही है।इस अवसर पर शाखा अध्यक्ष, सचिव, युवा समिति, महिला समिति सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी एवं अभिभावक उपस्थित रहे।

