राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस पर झालावाड़ की छात्रा कनिष्का ने बढ़ाया जिले का मान

भवानीमंडी/झालावाड़, 12 मई: राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस के अवसर पर जयपुर के बिरला ऑडिटोरियम में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में झालावाड़ जिले की बेटी कनिष्का यादव ने अपनी प्रतिभा से प्रदेशभर में जिले का नाम रोशन किया।

मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के मुख्य आतिथ्य में आयोजित इस कार्यक्रम में पूरे राज्य से केवल तीन विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री से सीधे संवाद का अवसर मिला। इनमें से एक महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय पचपहाड़ की छात्रा कनिष्का यादव रहीं, जिन्होंने अपने आत्मविश्वासपूर्ण प्रस्तुतीकरण से सभी को प्रभावित किया।

नवाचारों की दी जानकारी, मिली सराहना
कनिष्का ने मुख्यमंत्री को विद्यालय के विज्ञान क्लब द्वारा संचालित नवाचारों की जानकारी दी। इसमें एस्टेरॉयड सर्च कैंपेन और ऑडियो बेस्ड क्यूआर कोड लर्निंग गार्डन प्रमुख रहे। उन्होंने बताया कि विज्ञान क्लब के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को प्रयोगात्मक शिक्षा और अनुसंधान से जोड़ा जा रहा है। मुख्यमंत्री सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने छात्रा की वैज्ञानिक सोच और नवाचारों की मुक्तकंठ से सराहना की।

गाइड शिक्षक के निर्देशन में हो रहे नवाचार
व्याख्याता डॉ. दिव्येंदु सेन के निर्देशन में विद्यालय के विद्यार्थी लगातार नवाचार कर रहे हैं। अब तक पांच वेब बेस्ड ऐप, पॉलीथिन बैंक, वर्चुअल लैब जैसे प्रोजेक्ट तैयार किए जा चुके हैं। विद्यालय के नाम पेटेंट ऑफ इंडिया से दो डिजाइन रजिस्ट्रेशन भी दर्ज हैं।

जिला मुख्यालय में भी देखा गया सीधा प्रसारण
कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जिला मुख्यालय स्थित डीओआईटी के वीसी कक्ष में भी किया गया। जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़, अतिरिक्त जिला कलक्टर अनुराग भार्गव, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी राम सिंह मीणा, जिला शिक्षा अधिकारी भीम सिंह जाट सहित कई अधिकारियों ने प्रसारण देखा।

इस अवसर पर कनिष्का के गाइड शिक्षक डॉ. दिव्येंदु सेन, प्रधानाध्यापक कृष्ण गोपाल वर्मा, जिला समन्वयक अब्दुल सलाम, शिव प्रसाद पाटीदार और डीओआईटी उप निदेशक अंकुर शर्मा भी मौजूद रहे। जिले के विज्ञान क्लब से जुड़े विद्यार्थी एवं मेंटर अध्यापकों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।

अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा
अधिकारियों ने कनिष्का की इस उपलब्धि को जिले के लिए प्रेरणादायक बताया। जिला शिक्षा विभाग का मानना है कि यह सफलता अन्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच और नवाचार की भावना को बढ़ावा देगी। झालावाड़ जिले को राज्य स्तर पर नई पहचान दिलाने वाली यह उपलब्धि शिक्षा जगत के लिए गौरव का विषय बनी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!