कंजर बस्ती में बदली सोच, स्वास्थ्य टीम ने जीता भरोसा


झालावाड़/जगदीश पोरवाल। जिले के बिरियाखेड़ी स्थित कंजर बस्ती में स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष जागरूकता अभियान का सकारात्मक असर दिखाई देने लगा है। समाज की मुख्यधारा से दूर रह रहे समुदाय के बीच पहुंचकर मेडिकल टीम ने स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ लोगों का भरोसा भी जीतने में सफलता हासिल की है।

सीएमएचओ डॉ. साजिद खान के निर्देशन में चिकित्सा अधिकारी डॉ. शुभम गिरिराज पाटीदार के नेतृत्व में स्वास्थ्य टीम ने बस्ती में पहुंचकर लोगों से संवाद किया। इस दौरान सीएचओ त्रिलोक नागर, एएनएम साधना रानी, सुगना बैरवा तथा आशा सहयोगिनी मंजू बैरागी ने घर-घर जाकर स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी।

सही तरीके से हाथ धोने की प्रक्रिया समझाई

अभियान के तहत कैंसर जागरूकता, एचपीवी टीकाकरण, स्वच्छता एवं हाइजीन के महत्व पर विशेष जानकारी दी गई। टीम ने लोगों को सही तरीके से हाथ धोने की प्रक्रिया समझाई तथा त्वचा रोगों से बचाव एवं उपचार संबंधी परामर्श भी दिया। महिलाओं और बच्चों को स्वच्छ जीवनशैली अपनाने एवं स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया।
इस दौरान बच्चों को फल वितरित कर हेल्दी फूड हैबिट्स अपनाने का संदेश भी दिया गया। मेडिकल टीम के प्रयासों से बच्चों और उनके परिजनों में स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति झिझक कम होती नजर आई।

कंजर समुदाय में सकारात्मक बदलाव देखने को मिला

चिकित्सा अधिकारी डॉ. शुभम गिरिराज पाटीदार ने बताया कि लगातार बिहेवियर चेंज कम्युनिकेशन गतिविधियों के माध्यम से कंजर समुदाय में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है। पहले जहां लोग स्वास्थ्य सेवाओं से दूरी बनाए रखते थे, वहीं अब वे खुलकर अपनी समस्याएं बता रहे हैं और सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ लेने के लिए आगे आ रहे हैं।

कंजर बस्ती में चलाया गया अभियान महत्वपूर्ण पहल साबित होगा

उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वच्छता एवं संक्रामक बीमारियों की रोकथाम को लेकर लगातार जागरूकता अभियान संचालित किए जा रहे हैं। बिरियाखेड़ी की कंजर बस्ती में चलाया गया यह अभियान समुदाय तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!