सांदीपनी विद्यालय बना प्रदेश में नंबर-1, फाइव स्टार रेटिंग के साथ स्वच्छ एवं हरित विद्यालय का गौरव

पूर्व नपाध्यक्ष अनिल दसेड़ा ने विद्यालय पहुंचकर प्राचार्य व स्टाफ का किया सम्मान

जन संदेश (जावरा बंशी लाल पोरवाल )

पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अनिल दसेड़ा ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि मध्यप्रदेश सरकार द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में उठाया गया क्रांतिकारी कदम “सांदीपनी विद्यालय” विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य निर्माण की दिशा में मील का पत्थर साबित हो रहा है।

उन्होंने कहा कि एक ही छत के नीचे केजी-1 से लेकर 12वीं तक की आधुनिक शिक्षा, डिजिटल सुविधाएं, कम्प्यूटर लैब, अत्याधुनिक लेबोरेटरी एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे विद्यार्थियों को भविष्य निर्माण में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।अनिल दसेड़ा ने बताया कि सांदीपनी विद्यालय जावरा, जिला रतलाम का चयन स्वच्छ एवं हरित विद्यालय (SHVR) मूल्यांकन वर्ष 2025-26 में प्रदेश के उत्कृष्ट विद्यालयों में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर हुआ है। विद्यालय को 98.4 प्रतिशत अंक एवं फाइव स्टार रेटिंग प्राप्त हुई है, जो पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है।

इस उपलब्धि पर पूर्व नपाध्यक्ष अनिल दसेड़ा विद्यालय पहुंचे और प्राचार्य श्री राजेंद्र बोस का माल्यार्पण कर सम्मान किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय परिसर का भ्रमण कर स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण की सराहना की।

विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए हाथ धोने की समुचित व्यवस्था, बालक-बालिकाओं हेतु अलग-अलग शौचालय, दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए विशेष शौचालय, शुद्ध पेयजल व्यवस्था, मिशन लाइफ गतिविधियां, हर्बल गार्डन, किचन गार्डन एवं हरित परिसर को देखकर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की।विद्यालय परिसर में लगाए गए विभिन्न प्रजातियों के फलदार एवं आकर्षक पौधों तथा ओपन गार्डन कक्षाओं को देखकर उन्होंने कहा कि यह विद्यालय वास्तव में बच्चों के अनुकूल आधुनिक एवं प्रेरणादायी शिक्षण संस्थान बन चुका है। उन्होंने प्राचार्य श्री राजेंद्र बोस एवं विद्यालय की पूरी टीम के कार्यों की सराहना करते हुए सभी को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

अनिल दसेड़ा ने बताया कि विद्यालय में कुल 1830 सीटों की क्षमता है, जिनमें से अभी तक लगभग 1200 विद्यार्थियों के प्रवेश हो चुके हैं। उन्होंने जावरा शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र के अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि शासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत 5 किलोमीटर क्षेत्र के इच्छुक विद्यार्थी शीघ्र विद्यालय प्राचार्य से संपर्क कर प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!