सिविल हॉस्पिटल जावरा में नवजात शिशुओं की माताओं को भेंट किए बिस्किट और ओआरएस, महिला डॉक्टरों का भी हुआ सम्मान
जन संदेश (जावरा बंशी लाल पोरवाल )
मातृ दिवस के पावन अवसर पर भारत विकास परिषद शाखा जावरा द्वारा सिविल हॉस्पिटल जावरा में सेवा, संवेदना और सम्मान से जुड़ा विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत आज के दिन जन्म लेने वाले नवजात शिशुओं एवं उनकी माताओं को बिस्किट एवं ओआरएस वितरित कर मातृ दिवस मनाया गया।
इस अवसर पर परिषद सदस्यों ने अस्पताल पहुंचकर माताओं का सम्मान किया तथा उनके स्वस्थ एवं सुखमय जीवन की कामना की। कार्यक्रम में महिला डॉक्टरों का भी सम्मान किया गया, जिन्होंने मातृत्व सेवा के क्षेत्र में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।संस्था अध्यक्ष शेखर नाहर ने कहा कि मां केवल परिवार ही नहीं बल्कि पूरे समाज की आधारशिला होती है। मातृ दिवस मातृत्व, ममता, त्याग और प्रेम के सम्मान का प्रतीक है।
भारत विकास परिषद लगातार सेवा प्रकल्पों के माध्यम से समाजहित में कार्य कर रही है और आगे भी मानव सेवा के ऐसे कार्य निरंतर जारी रहेंगे।उन्होंने कहा कि समाज में माताओं के सम्मान और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना समय की आवश्यकता है। इसी उद्देश्य से परिषद द्वारा सेवा भाव के साथ यह आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में पूर्व अध्यक्ष पप्पूसिंह राठौर, महिला प्रमुख रितु सिसोदिया, दिनेश भावसार, दिनेश सिसोदिया, देवेंद्र धारीवाल सहित परिषद के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।कार्यक्रम के माध्यम से माताओं के प्रति सम्मान, सेवा और संवेदनशीलता का प्रेरणादायी संदेश दिया गया।

