*अ
भवानीमंडी ( जगदीश पोरवाल )09 मई। जिला रसद अधिकारी जितेंद्र कुमार के निर्देशन में प्रवर्तन अधिकारी गोविंद देथा द्वारा भवानीमंडी क्षेत्र में सघन निरीक्षण एवं दबिश कार्यवाही को अंजाम दिया गया। कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से संग्रहित 6 घरेलू गैस सिलेंडर एवं एक इलेक्ट्रिक मोटर बरामद कर जब्त किए गए।
प्रवर्तन दल द्वारा जब्त की गई सामग्री को नियमानुसार ऋषभ गैस एजेंसी के सुपुर्द किया गया। मामले में आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के अंतर्गत अग्रिम वैधानिक कार्यवाही करते हुए जिला कलेक्टर न्यायालय, झालावाड़ में धारा 6A के तहत प्रकरण प्रस्तुत किया गया है।
जिला रसद अधिकारी ने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग, अवैध भंडारण एवं अनाधिकृत उपयोग के विरुद्ध विभाग द्वारा लगातार सख्त निगरानी रखी जा रही है। आमजन को आवश्यक वस्तुओं की सुचारू एवं पारदर्शी उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इस प्रकार की प्रवर्तनात्मक कार्यवाहियां भविष्य में भी निरंतर एवं प्रभावी रूप से जारी रहेंगी।
उन्होंने आमजन से भी अपील की कि घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग केवल घरेलू कार्यों हेतु ही करें तथा किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना विभाग को तत्काल उपलब्ध कराएं, ताकि दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जा सके।
