भवानीमंडी, 5 मई (बी.एस. सिसोदिया)।
वर्षों से खेल मैदान की मांग कर रहे भवानीमंडी नगर के खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। नगर में आधुनिक सुविधाओं से युक्त खेल स्टेडियम निर्माण की दिशा में प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मेला मैदान स्थित आंबेडकर भवन के समीप की भूमि को खेल स्टेडियम हेतु चिन्हित किया गया है। प्रस्तावित परियोजना में लगभग 600 मीटर का वॉकिंग ट्रैक, क्रिकेट, फुटबॉल और बास्केटबॉल जैसे आउटडोर खेलों के मैदान के साथ बैडमिंटन एवं टेबल टेनिस जैसे इनडोर खेलों की सुविधाएं विकसित की जाएंगी। प्रारंभिक योजना में तरणताल (स्विमिंग पूल) को भी शामिल किया गया है। पूरे प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत करीब 5 करोड़ 70 लाख रुपए बताई जा रही है।
जिला कलेक्टर ने किया स्थल निरीक्षण
खेल मैदान के लिए उपयुक्त भूमि चयन की प्रक्रिया के तहत मंगलवार को जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने प्रस्तावित स्थल का मौका मुआयना किया। बताया जा रहा है कि करीब 9 बीघा से अधिक भूमि वर्तमान में पोद्दार स्कूल और नगर पालिका के नाम दर्ज है।
उप जिला कलेक्टर कार्यालय के माध्यम से नगर पालिका एवं पोद्दार स्कूल प्रशासन ने खेल स्टेडियम निर्माण के लिए भूमि उपयोग पर सहमति प्रदान कर दी है। इसी क्रम में जिला कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों के साथ पूरे क्षेत्र का अवलोकन किया।
मेला मैदान की पूरी जमीन पर बन सकता है स्टेडियम
निरीक्षण के दौरान मोटर मार्केट की ओर स्थित भूमि को भी परियोजना में शामिल करने पर चर्चा हुई। जिला कलेक्टर द्वारा नगर पालिका अधिशाषी अधिकारी मनीष मीणा से सहमति मांगे जाने पर उन्होंने भी सकारात्मक रुख दिखाया।
यदि मेला मैदान की संपूर्ण भूमि पर स्टेडियम विकसित किया जाता है, तो बीच से गुजरने वाले मार्ग को बंद कर दोनों ओर वैकल्पिक सड़क निकाली जा सकती है।
ऐतिहासिक मेले को लेकर उठे सवाल
प्रस्तावित योजना के सामने आने के बाद शहर में यह चर्चा भी शुरू हो गई है कि यदि मेला मैदान पर खेल स्टेडियम बनता है, तो शिव महाशिवरात्रि पर लगने वाला ऐतिहासिक मेला भविष्य में कहां आयोजित होगा।
ये रहे मौजूद
स्थल निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर के साथ स्थानीय एसडीएम, तहसीलदार, नगर पालिका अधिशाषी अधिकारी, जिला खेल अधिकारी, पोद्दार स्कूल के प्रिंसिपल, पूर्व पालिका चेयरमैन सहित कई खेल प्रेमी मौजूद रहे।

