भवानीमंडी। ( जगदीश पोरवाल )शहर के प्रतिष्ठित पीएम श्री सेठ आनंदीलाल पोद्दार राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के लिए मंगलवार का दिन ऐतिहासिक साबित हुआ। लगभग 98 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद विद्यालय को उसकी भूमि का आधिकारिक पट्टा प्राप्त हो गया। इस उपलब्धि को विद्यालय के इतिहास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर माना जा रहा है।
विद्यालय की स्थापना के बाद से ही भूमि का पट्टा लंबित था, जिसके कारण कई विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में तकनीकी एवं प्रशासनिक बाधाएं सामने आती रही थीं। अब पट्टा मिलने के बाद विद्यालय के विकास के नए रास्ते खुल गए हैं।
एक गरिमामय कार्यक्रम में जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ एवं उप जिला कलेक्टर श्रद्धा गोमे ने विद्यालय के प्रधानाचार्य मुकेश कुमार गुप्ता को भूमि का पट्टा सौंपा। इस अवसर पर विद्यालय परिवार और स्थानीय नागरिकों में खुशी का माहौल देखने को मिला।
प्रधानाचार्य मुकेश कुमार गुप्ता ने कहा कि यह केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि विद्यालय के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। अब विद्यालय परिसर में नए निर्माण कार्य, आधारभूत सुविधाओं का विस्तार तथा विभिन्न राजकीय योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया और अधिक सुगम हो सकेगी।
विद्यालय की संपत्ति को आधिकारिक सुरक्षा मिलने से क्षेत्र के नागरिकों, पूर्व विद्यार्थियों और शिक्षकों में भी उत्साह का वातावरण है। लंबे समय से लंबित इस प्रक्रिया के पूर्ण होने पर लोगों ने जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
शिक्षा जगत से जुड़े लोगों का मानना है कि यह उपलब्धि आने वाले वर्षों में विद्यालय को आधुनिक सुविधाओं और बेहतर शैक्षणिक वातावरण की दिशा में नई पहचान दिलाएगी।

