जनसंदेश
बंशी लाल पोरवाल, जावरा
जावरा नगर में लंबे समय से बंद पड़ा 2 करोड़ 11 लाख रुपये की लागत से निर्मित स्विमिंग पूल आखिरकार शुरू हो गया है। टेंडर प्रक्रिया में देरी और पूर्व ठेकेदार के साथ भुगतान विवाद के चलते यह तरणताल काफी समय से बंद था, जिससे विशेषकर गर्मी के मौसम में शहरवासी इस सुविधा से वंचित थे।
खबर के असर और नगर पालिका परिषद की सक्रिय पहल के बाद अब इस बहुप्रतीक्षित सुविधा का संचालन प्रारंभ कर दिया गया है। सोमवार को नगर पालिका अध्यक्ष अनम मोहम्मद यूसुफ कड़पा ने स्विमिंग पूल का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में बच्चे और युवा स्विमिंग पूल में उत्साह के साथ तैराकी करते नजर आए। लंबे इंतजार के बाद तरणताल शुरू होने से शहर में खुशी का माहौल है और नागरिकों को गर्मी से राहत मिली है।
नगर पालिका अध्यक्ष ने बताया कि अब स्विमिंग पूल का संचालन सीधे नगर पालिका कर्मचारियों द्वारा किया जाएगा, जिससे व्यवस्थाएं बेहतर और सुचारू बनी रहेंगी। उन्होंने कहा कि नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराना परिषद की प्राथमिकता है।
स्विमिंग पूल शुरू होने पर शहर के नागरिकों, बच्चों और युवाओं ने नगर पालिका अध्यक्ष, परिषद एवं पूर्व जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। लोगों का कहना है कि इससे युवाओं को खेल एवं स्वास्थ्य के प्रति प्रोत्साहन मिलेगा, साथ ही शहर में एक बेहतर मनोरंजन सुविधा भी उपलब्ध हुई है।
इस अवसर पर नगर पालिका उपाध्यक्ष सुशील कोचट्टा, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मोहम्मद यूसुफ कड़पा, जलकल सभापति मुस्तकीम मंसूरी, राजस्व समिति सभापति लोकेश विजना, सभापति आसिफ कबाड़ी, पार्षद काना हाड़ा सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अनिल दसेड़ा ने भी मुख्य नगर पालिका अधिकारी चंद्रशेखर सोनी से मुलाकात कर स्विमिंग पूल का संचालन शीघ्र शुरू कराने की मांग की थी। इसी पहल के बाद अब यह सुविधा पुनः नागरिकों के लिए खोल दी गई है, जिससे जावरा को एक बड़ी राहत मिली है।
