भवानीमंडी। (जगदीश पोरवाल) भारत विकास परिषद शाखा भवानीमंडी द्वारा रविवार से सात दिवसीय निशुल्क योग शिविर का शुभारंभ स्थानीय संस्कार भारती निकेतन विद्यालय में किया गया। शिविर का उद्देश्य आमजन को योग के प्रति जागरूक कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
परिषद अध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता एवं सचिव संदीप राठौर ने बताया कि डॉ. मनीष भंडारी के सहयोग से आयोजित इस योग शिविर में प्रतिदिन योग एवं प्राणायाम की विभिन्न क्रियाओं का प्रशिक्षण दिया जाएगा। शिविर के प्रथम दिन बड़ी संख्या में परिषद सदस्यों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम संयोजक सीताराम नवाल ने बताया कि शिविर का शुभारंभ परिषद संरक्षक गोविंद भराड़िया, क्षेत्रीय संयुक्त सचिव कमल सुरेका, अध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता, सचिव संदीप राठौर, डी.के. गुप्ता, जितेंद्र अग्रवाल, हेमराज शर्मा, उमाशंकर पोरवाल, नंदलाल व्यास एवं कमलेश गुप्ता दलाल सहित अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन एवं वंदेमातरम् गायन के साथ किया गया।
योग प्रशिक्षक डॉ. मनीष भंडारी ने योगासन, मुद्राओं एवं प्राणायाम की विभिन्न विधियों का अभ्यास करवाते हुए उनके शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नियमित योग करने से अनेक बीमारियों से बचाव संभव है तथा व्यक्ति स्वस्थ एवं ऊर्जावान जीवन जी सकता है।
परिषद अध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता ने बताया कि यह योग शिविर 9 मई तक प्रतिदिन प्रातः 5:45 बजे से 7:00 बजे तक आयोजित किया जाएगा। परिषद ने नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर से जुड़कर योग का लाभ लेने की अपील की है।


