भवानीमंडी व्यापार महासंघ का निर्णय: विवादों को दरकिनार कर व्यापारी हितों में 30 अप्रैल का अवकाश स्थगित



भवानीमंडी। ( जगदीश पोरवाल )स्थानीय व्यापारियों के बीच आपसी सामंजस्य बनाए रखने और वर्तमान सीजन की व्यापारिक व्यस्तता को देखते हुए भवानीमंडी व्यापार महासंघ ने एक बड़ा फैसला लिया है। महासंघ द्वारा आगामी 30 अप्रैल 2026, गुरुवार को होने वाले प्रस्तावित मासिक अवकाश (बंद) को स्थगित कर दिया गया है।

व्यापार महासंघ के गठन के समय से ही व्यापारियों के लिए महीने में एक दिन का अवकाश रखने का आह्वान किया गया था, जिसे बाद में महीने के अंतिम दिन तय किया गया। हालांकि, समय के साथ यह मासिक अवकाश विभिन्न संगठनों के बीच विवाद का कारण बनने लगा था। हर व्यापारिक संगठन अपने विशिष्ट ‘सीजन’ के अनुसार अवकाश की तिथि तय करने के लिए महासंघ पर दबाव बनाता था, जिससे एकता प्रभावित हो रही थी।

सीजन और व्यापारिक मांग को प्राथमिकता

वर्तमान में विभिन्न व्यवसायों के मुख्य सीजन को देखते हुए, महासंघ ने यह महसूस किया कि इस समय प्रतिष्ठान बंद रखने से व्यापारियों को आर्थिक नुकसान हो सकता है। इसीलिए, आपसी खींचतान को समाप्त करने और व्यापारियों को सीजन का पूरा लाभ देने के उद्देश्य से इस बार बंद को निरस्त करने का निर्णय लिया गया है।

विवाद हमेशा बंद की घोषणा पर हुआ

माह के अंतिम दिन व्यापारिक प्रतिष्ठानों के अवकाश को लेकर हमेशा से व्यापार महासंघ और अन्य व्यापारिक संगठनों के बीच विवाद रहा है । व्यापार महासंघ बंद की घोषणा करता है या चालू की घोषणा करता है । बस यही से विवाद की स्थिति बन जाती है । इसी वर्ष फरवरी माह में व्यापार महासंघ ने माह के अंतिम दिन बाजार खुले रखने का आह्वान किया था, लेकिन मार्च माह में जैसे ही बंद रखने का आह्वान किया अन्य व्यापार संगठनों ने सीजन का हवाला देकर बंद करने से मना कर दिया और बाजार आधे से ज्यादा खुला रहा । ऐसा ही वाकया दो वर्ष पूर्व भी हुआ था ।

अध्यक्ष की अपील

महासंघ के अध्यक्ष श्री गिरीश सोमानी ने सूचना जारी करते हुए कहा कि, “व्यापारी बंधुओं के हितों और सीजन की मांग को देखते हुए 30 अप्रैल का बंद स्थगित किया गया है। हम चाहते हैं कि निर्णय विवाद का कारण न बनें, बल्कि सभी व्यापारियों के लिए लाभकारी हों।”

व्यापार महासंघ अध्यक्ष अपील तो हर बार करते है लेकिन उस अपील का कभी असर होता है और कभी नहीं होता है ।




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!