ल
जावरा
बंशी लाल पोरवाल
रतलाम। जिले के जावरा नगर में सरकारी लाइब्रेरी खोलने की मांग को लेकर एक युवक ने अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। युवक तिरंगा हाथ में लेकर इकबाल गंज क्षेत्र स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गया और वहीं से अपनी मांग रखने लगा, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और युवक को समझाने का प्रयास किया। करीब दो घंटे तक चली समझाइश के बाद अधिकारियों ने लाइब्रेरी खोलने का आश्वासन दिया, जिसके बाद युवक टंकी से नीचे उतर आया।
प्रदर्शन के दौरान युवक के साथी नीचे खड़े होकर तख्तियां लेकर समर्थन करते रहे और सरकारी लाइब्रेरी शुरू करने की मांग उठाते रहे। युवक का कहना था कि जावरा नगर पालिका क्षेत्र में पहले दो सरकारी लाइब्रेरियां संचालित होती थीं, लेकिन वर्तमान में एक भी लाइब्रेरी नहीं है। इससे विशेष रूप से गरीब और ग्रामीण क्षेत्रों के छात्रों को पढ़ाई में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि निजी लाइब्रेरी की फीस वहन करना उनके लिए कठिन है।
युवक ने बताया कि वह इस समस्या को लेकर पहले भी कई बार अधिकारियों को अवगत करा चुका है, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी के चलते उसे यह कदम उठाना पड़ा।
मौके पर पहुंचे नगर पालिका सीएमओ चंद्रशेखर सोनिश ने बताया कि एक-दो दिन में लाइब्रेरी शुरू करने की प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी। साथ ही एक माह के भीतर लाइब्रेरी व्यवस्था शुरू करने का आश्वासन भी दिया गया है।
टंकी से नीचे उतरने के बाद युवक ने सीएमओ को अपना मांग पत्र सौंपा और जल्द कार्रवाई की मांग की।
