जावरा (बंशीलाल पोरवाल)
जावरा। कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले में संपूर्ण व्यवस्थाओं की निगरानी के तहत आंगनवाड़ी केंद्रों का लगातार औचक निरीक्षण किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान कई केंद्रों पर अनियमितताएं सामने आई हैं, जहां पूरक पोषण आहार, नाश्ता एवं भोजन सेवाएं बाधित पाई गईं।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए महिला एवं बाल विकास परियोजना जावरा ग्रामीण की परियोजना अधिकारी अंकिता पाटीदार द्वारा जनपद सभागृह जावरा में अनुबंधित सभी स्व-सहायता समूहों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में समूहों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि शासन द्वारा निर्धारित मेन्यू के अनुसार आंगनवाड़ी केंद्रों पर नियमित एवं समय पर नाश्ता और भोजन उपलब्ध कराना अनिवार्य है।
इसके साथ ही किचन शेड में साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था, साफ बर्तनों का उपयोग तथा खाद्य सामग्री का सुरक्षित भंडारण सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में परियोजना अधिकारी ने सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि यदि निर्धारित मेन्यू का पालन नहीं किया गया तो संबंधित समूहों का अनुबंध तत्काल निरस्त कर दिया जाएगा।
इस दौरान समूहों के अध्यक्ष एवं सचिवों की समस्याएं भी सुनी गईं, जिनके समाधान का आश्वासन दिया गया। यह बैठक जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग रतलाम के निर्देशानुसार आयोजित की गई, जिसमें पर्यवेक्षक जमीला बानो, जया जाटव, शाखा प्रभारी जगदीशचंद्र मौर्य, अरविंद पंका एवं ब्लॉक समन्वयक सुनील वर्मा सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
