झालावाड़, 17 अप्रैल। ( जगदीश पोरवाल ) जिले में आगामी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 को जन-उत्सव के रूप में मनाने की तैयारियाँ शुरू हो गई हैं। आयुष मंत्रालय के निर्देशानुसार योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक अभियान चलाया जा रहा है।
अतिरिक्त जिला कलेक्टर अनुराग भार्गव ने बताया कि योग को जन-आंदोलन बनाने के उद्देश्य से जिलेभर में विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं, जिससे हर वर्ग के लोग योग अपनाकर स्वस्थ जीवनशैली की ओर बढ़ सकें।
100 दिन का फ्री लाइव योग अभियान
उन्होंने बताया कि ‘योग 365’ अभियान के तहत मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान एवं हेल्थ टेक के संयुक्त तत्वावधान में 100 दिवसीय नि:शुल्क ऑनलाइन योग सत्र संचालित किए जा रहे हैं। इन सत्रों में विशेषज्ञों द्वारा नियमित योगाभ्यास कराया जा रहा है, जिससे आमजन को घर बैठे स्वास्थ्य लाभ मिल सके।
27 मई को ऑनलाइन योग महाअभियान
अभियान के अंतर्गत 27 मई 2026 को विशेष ऑनलाइन योग कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सभी विभागों, शैक्षणिक संस्थानों और सामाजिक संगठनों को सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए हैं।
घर बैठे योग, स्वस्थ जीवन का संकल्प
प्रशासन का मानना है कि यह पहल लोगों को न केवल शारीरिक रूप से स्वस्थ बनाएगी, बल्कि मानसिक तनाव को कम कर संतुलित जीवनशैली अपनाने में भी मददगार साबित होगी।

पंजीयन की सुविधा उपलब्ध
इच्छुक नागरिक राजस्थान योग पंजीयन लिंक� के माध्यम से या टोल फ्री नंबर 18003157008 पर कॉल कर अपना पंजीयन करा सकते हैं।
अधिकाधिक भागीदारी की अपील
प्रशासन ने जिले के सभी विभागों, शिक्षण संस्थानों, युवाओं, महिलाओं एवं आमजन से अपील की है कि वे स्वयं इस अभियान से जुड़ें और अपने परिवार व परिचितों को भी योग के इस महाअभियान का हिस्सा बनाएं।
योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ तन, शांत मन और सकारात्मक जीवन का आधार है। जिलेवासियों की सक्रिय सहभागिता से यह अभियान निश्चित रूप से सफल होगा और योग दिवस एक जन-उत्सव के रूप में मनाया जाएगा।

