झालावाड़ | 15 अप्रैल । झालावाड़ जिले में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग के खिलाफ खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने बुधवार को एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। सरोला कला क्षेत्र में हुई इस छापामार कार्रवाई में कुल 15 गैस सिलेंडर और रिफिलिंग उपकरण जब्त किए गए हैं।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई जिला रसद अधिकारी (DS0) जितेन्द्र कुमार ने बताया कि विभाग को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सरोला कला के पास स्थित श्याम किराना स्टोर एवं टी स्टॉल पर अवैध गतिविधियों की सूचना मिली थी। सूचना की पुष्टि होने पर टीम ने मौके पर छापेमारी की।
जब्त सामग्री का विवरण कार्रवाई के दौरान टीम ने दुकान से निम्नलिखित सामग्री बरामद की:
- 14 घरेलू गैस सिलेंडर
- 01 वाणिज्यिक (Commercial) गैस सिलेंडर
- 01 इलेक्ट्रॉनिक रिफिलिंग मोटर
कानूनी कार्रवाई और एफआईआर मौके पर मौजूद शिवम प्रजापति द्वारा सिलेंडरों के संबंध में कोई भी वैध दस्तावेज या लाइसेंस पेश नहीं किया गया। अवैध भंडारण और रिफिलिंग की पुष्टि होने पर विभाग ने सभी सामग्री को जब्त कर बोहरा गैस इण्डेन एजेंसी को सुपुर्द कर दिया है।
इस मामले में आरोपी के खिलाफ सरोला कला थाने में आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3/7 के तहत एफआईआर दर्ज कराई गई है।
अधिकारियों की अपील जिला रसद अधिकारी ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील की है कि यदि उनके आसपास ऐसी कोई संदिग्ध गतिविधि हो रही है, तो तुरंत विभाग या स्थानीय प्रशासन को सूचित करें।

