भैसोदा की रूपा नदी किनारे चला व्यापक स्वच्छता अभियान, जल संरक्षण का दिया संदेश


भैंसोदा (मंदसौर)। ( जगदीश पोरवाल )नगर परिषद भैंसोदा द्वारा “जल गंगा संवर्धन अभियान” के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 01 स्थित रूपा नदी के आसपास व्यापक स्तर पर स्वच्छता एवं सफाई अभियान चलाया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य “साफ जल, स्वस्थ जीवन” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना एवं जल स्रोतों के संरक्षण के प्रति नागरिकों को जागरूक करना रहा।

नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती गायत्रीदेवी अजय पौराणिक एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री गिरीश शर्मा के निर्देशन में आयोजित इस अभियान के दौरान नदी किनारे उगी झाड़ियों, कंटीली वनस्पतियों एवं फैले हुए कचरे को हटाया गया। सफाई कर्मचारियों द्वारा नदी क्षेत्र को व्यवस्थित करते हुए स्वच्छ वातावरण बनाने का प्रयास किया गया, जिससे जल स्रोत प्रदूषण से मुक्त रह सकें।


अभियान के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों ने मिलकर श्रमदान भी किया तथा स्थानीय नागरिकों को भी स्वच्छता एवं जल संरक्षण के प्रति प्रेरित किया। इस अवसर पर नगर परिषद उपाध्यक्ष अर्जुन शर्मा, पार्षद प्रतिनिधि यवन्तिलाल मीणा सहित स्वच्छता शाखा के कर्मचारीगण एवं अन्य उपस्थित रहे।

अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के अभियान नियमित रूप से चलाए जाएंगे, ताकि नगर के जल स्रोत सुरक्षित रह सकें और पर्यावरण संतुलन बना रहे। साथ ही नागरिकों से अपील की गई कि वे जल स्रोतों में कचरा न डालें और जल संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

अभियान के अंत में “💧जल संरक्षण, जीवन संरक्षण💧” एवं “✨स्वच्छ भैंसोदा, सुंदर भैंसोदा✨” का संदेश देते हुए सभी ने नगर को स्वच्छ और हरित बनाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!