भारतीय भोजन और गौरवशाली संस्कृति के संरक्षण पर जोर: आदर्श विद्या मंदिर का वार्षिकोत्सव “संस्कृति संगम” संपन्न

भवानीमंडी। ( जगदीश पोरवाल ) शहर के पद्मावत रिसोर्ट में विद्या भारती द्वारा संचालित श्री लालचंद आदर्श विद्या मंदिर माध्यमिक विद्यालय का वार्षिकोत्सव “संस्कृति संगम” अत्यंत हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर वक्ताओं ने भारतीय खान-पान, शिक्षा और संस्कारों के महत्व पर प्रकाश डाला।

पश्चिमी खान-पान बनाम भारतीय परंपरा

​कार्यक्रम के मुख्य वक्ता, विद्या भारती के राजस्थान क्षेत्र संगठन मंत्री गोविंद कुमार ने आधुनिक जीवनशैली पर सवाल उठाते हुए कहा, “हमारे पारंपरिक भारतीय भोजन में भला क्या कमी है? इसके बावजूद हम पिज्जा, बर्गर और चाउमीन जैसे सेहत को नुकसान पहुँचाने वाले पश्चिमी भोजन की ओर आकर्षित हो रहे हैं।” उन्होंने कहा कि मैकाले की शिक्षा पद्धति ने हमें अपनी जड़ों से दूर किया, लेकिन अब हम तेजी से अपनी प्राचीन गौरवशाली संस्कृति की ओर लौट रहे हैं।

शिक्षा के साथ सेवा और संस्कार

​समारोह की मुख्य अतिथि, उप जिला कलेक्टर (IAS) श्रद्धा गोमे और विशिष्ट अतिथि पुलिस उपाधीक्षक प्रेम कुमार चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि विद्या भारती वो संस्थान है जहाँ शिक्षा के साथ संस्कार दिए जाते हैं, जो राष्ट्र के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

प्रबंध समिति और गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति

​वार्षिकोत्सव में प्रबंध समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता की। विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष कमल सुरेका ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, वहीं मंत्री प्रकाश गुप्ता (CA) ने सभी आगंतुकों एवं पद्मावत रिसोर्ट के संचालकों का आभार व्यक्त किया।

​कार्यक्रम के सफल आयोजन में संयोजक अरविंद गुप्ता और व्यवस्थापक सूरजमल नागर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर प्रबंध समिति के सदस्य आलोक विजावत, हेमराज शर्मा (एडवोकेट), भवँर सिंह कछवाहा, और अशोक कुमार सोनी भी उपस्थित रहे।

​साथ ही विद्या भारती के जिला सचिव मुकुट बिहारी यादव, जिला मंत्री रामस्वरूप नागर, जिला संघचालक बनेसिंह सोलंकी और हरगोपाल माहेश्वरी ने भी अपनी गरिमामय उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा मन

​विद्यालय के प्रधानाचार्य रामस्वरूप सोनी के मार्गदर्शन में भैया-बहिनों ने भारतीय संस्कृति से ओत-प्रोत कई शानदार प्रस्तुतियां दीं। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम की तैयारी सहायक प्रधानाचार्या श्रीमती कृष्णा गुप्ता व शिशु वाटिका प्रभारी गिरिराज सुमन की देखरेख में संपन्न हुई। कार्यक्रम का कुशल संचालन योगेश सैनी व प्रिंसी जैन ने किया। बच्चों की प्रतिभा से मंत्रमुग्ध होकर उपस्थित अभिभावकों ने उन्हें नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!