9 वर्षों बाद जावरा पहुंचे श्रमण संघीय युवाचार्य, भव्य मंगल प्रवेश को लेकर समाज में उमंग
बंशीलाल पोरवाल ( जावरा )
जावरा नगर में श्रमण संघीय परंपरा के युवाचार्य एवं संतों के मंगल पदार्पण को लेकर पूरे श्रीसंघ में हर्ष और उल्लास का माहौल बना हुआ है। आचार्य सम्राट पूज्य गुरुदेव के सुशिष्य, ध्यानयोगी युगपुरुष आचार्य सम्राट डॉ. शिवमुनि जी महाराज के आज्ञानुवर्ती श्रमण संघीय युवाचार्य पूज्य गुरुदेव महेंद्र ऋषि जी महाराज सहित अन्य संतों का जावरा में भव्य आगमन होने जा रहा है।
श्रीसंघ अध्यक्ष इंदरमल दुकड़िया ने जानकारी देते हुए बताया कि युवाचार्य भगवंत लगभग 9 वर्षों के बाद, खाचरोद में सम्पन्न हुए होली चातुर्मास के पश्चात जावरा पधार रहे हैं, जिससे समाज में विशेष उत्साह का वातावरण है।
दिनांक 9 अप्रैल को चौपाटी स्थित श्री शंखेश्वर पारसनाथ मंदिर पर श्रीसंघ द्वारा भव्य धर्मसभा का आयोजन किया जाएगा। इसके पश्चात 10 अप्रैल को प्रातः 8:00 बजे यश जी चौरडिया के कार्यालय (महावीर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, स्टेशन रोड) से दिवाकर भवन (दिवाकर मार्ग) तक भव्य मंगल प्रवेश यात्रा निकाली जाएगी।
दिवाकर भवन में प्रतिदिन प्रातः 9:00 बजे से 10:00 बजे तक प्रवचन का आयोजन होगा। इसी क्रम में 11 अप्रैल को श्री जैन दिवाकर नवयुवक मंडल द्वारा, जैन दिवाकर लाभमुनि नेत्र चिकित्सालय मंदसौर के सहयोग से दिवाकर भवन, जावरा में निःशुल्क नेत्र ज्योति परीक्षण शिविर का आयोजन भी किया जाएगा।
श्रीसंघ के पदाधिकारीगण, नवयुवक मंडल, महिला मंडल, जैन दिवाकर महिला मंडल एवं चौपाटी बालिका मंडल सहित सभी सदस्यों ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से कार्यक्रमों में सहभागिता कर धर्मलाभ लेने की अपील की है।
