शामगढ़/मंदसौर | 3 अप्रैल 2026
पुलिस थाना शामगढ़ ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने 1 किलो 245 ग्राम अवैध अफीम के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब 2 लाख 49 हजार रुपए आंकी गई है। इस कार्रवाई में एमडी ड्रग्स फैक्ट्री मामले का मुख्य आरोपी भी पुलिस के हत्थे चढ़ा है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता कुरील और एसडीओपी दिनेश प्रजापति के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कपिल सौराष्ट्रीय की टीम ने यह कार्रवाई की।
मुखबिर की सूचना पर की घेराबंदी
पुलिस को 2 अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिली थी कि तीन व्यक्ति रेलवे ग्राउंड शामगढ़ के पास अवैध अफीम के साथ खड़े हैं और ट्रेन के जरिए दिल्ली-पंजाब जाने की फिराक में हैं। सूचना पर तत्काल टीम गठित कर घेराबंदी की गई और तीनों आरोपियों को मौके से पकड़ लिया गया।
तलाशी में मिली अफीम
पुलिस ने आरोपियों की तलाशी ली तो उनके पास से एक प्लास्टिक थैली में 1 किलो 245 ग्राम अफीम बरामद हुई। मौके पर ही जब्ती की कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18 के तहत मामला दर्ज किया गया।
एमडी ड्रग्स फैक्ट्री से जुड़ा है मुख्य आरोपी
गिरफ्तार आरोपी प्रधान सिंह पहले से ही गरोठ थाना क्षेत्र के ग्राम सुरजना में पकड़ी गई एमडी ड्रग्स फैक्ट्री मामले में मुख्य आरोपी है और लंबे समय से फरार चल रहा था। जांच में सामने आया है कि फैक्ट्री में तैयार 12 किलो 610 ग्राम एमडी का गाढ़ा मिश्रण और 102 ग्राम एमडी उसी के द्वारा सप्लाई किए गए केमिकल से तैयार किया गया था।
आरोपियों से पूछताछ जारी
पुलिस अब आरोपियों से मादक पदार्थ के स्रोत और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है। मुख्य आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी मादक पदार्थ तस्करी के मामले दर्ज हैं।
गिरफ्तार आरोपी
प्रधान सिंह पिता मदन सिंह (28) निवासी नलखेड़ा, थाना गरोठ
भगवान सिंह उर्फ बबलू सिंह पिता चंदर सिंह (27) निवासी नलखेड़ा
दिलीप सिंह पिता मदन सिंह (33) निवासी खेजड़िया मेघा, थाना सुवासरा
पुलिस टीम की सराहना
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी कपिल सौराष्ट्रीय, उप निरीक्षक रविन्द्र प्रताप डांगी सहित पूरी टीम की सराहनीय भूमिका रही।
