भवानीमंडी। श्री कृष्ण नगर स्थित आदर्श शिव शक्ति मंदिर में विश्व हिन्दू परिषद के सानिध्य में भव्य रामोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के श्रद्धालुओं और कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिससे मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो उठा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला सेवा प्रमुख विष्णु प्रसाद शर्मा एवं मुख्य वक्ता विभाग मंत्री बालू सिंह चौहान रहे। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्रीराम के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं वंदना के साथ हुई।
इस अवसर पर वक्ताओं ने रामायण के विभिन्न प्रसंगों का अत्यंत भावपूर्ण और प्रेरणादायक वर्णन किया। उन्होंने भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन, मर्यादा, त्याग और धर्म के प्रति उनकी निष्ठा पर प्रकाश डालते हुए उपस्थित जनों को उनके जीवन मूल्यों को अपनाने का संदेश दिया। वक्ताओं ने कहा कि रामायण केवल एक धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि जीवन जीने की प्रेरणा देने वाला मार्गदर्शक है।
कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं ने राम कथा का श्रवण कर धर्म, संस्कृति और संस्कारों के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की। पूरे आयोजन के दौरान जय श्रीराम के जयघोष से वातावरण गुंजायमान रहा।
इस मौके पर विहिप जिला कोषाध्यक्ष कल्याण मल, वीर जैन, यादवेन्द्र सिंह, रामलाल, हरिओम, हेमंत शर्मा सहित कई कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में प्रसादी वितरण के साथ आयोजन का समापन हुआ।
