जयपुर/जमवारामगढ़। ( भंवरसिंह कछवाह ) जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन ऑफ राजस्थान (जार) जयपुर ग्रामीण का जिला पत्रकार सम्मेलन एवं कार्यकारिणी शपथ ग्रहण समारोह रविवार को अनंत रिजॉर्ट्स, जमवारामगढ़ में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ पत्रकारों ने लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका पर विचार रखते हुए निर्भीक और निष्पक्ष पत्रकारिता की आवश्यकता पर जोर दिया।
समारोह में जमवारामगढ़ विधायक महेंद्र पाल मीणा, पूर्व विधायक पद्मश्री कृष्णा पूनिया, पूर्व विधायक गोपाल मीणा तथा नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष रास बिहारी सहित कई विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। इस दौरान जार जयपुर ग्रामीण की नई कार्यकारिणी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
नई कार्यकारिणी में सुरेश शर्मा को अध्यक्ष, बजरंग शर्मा को महासचिव, बनवारी लाल शर्मा को कोषाध्यक्ष, मनोज गर्ग, गिरिराज शर्मा और राजेश मीणा को उपाध्यक्ष, प्रवीण मुद्गल को मीडिया प्रभारी तथा उमेश शर्मा एवं लक्ष्मी नारायण यादव को सचिव पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। सभी पदाधिकारियों ने संगठन हित में कार्य करने और पत्रकारों की आवाज को मजबूती से उठाने का संकल्प लिया।
मुख्य अतिथि कृष्णा पूनिया ने कहा कि आज के दौर में पत्रकारिता कई चुनौतियों से घिरी है, लेकिन इसके बावजूद पत्रकारों को निर्भीक होकर जनता की आवाज उठानी चाहिए। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की निष्पक्षता और साहस ही लोकतंत्र को सशक्त बनाते हैं।
विधायक महेंद्र पाल मीणा ने जार को मजबूत और पुराना संगठन बताते हुए कहा कि यह हमेशा पत्रकारों के हितों की रक्षा करता आया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पत्रकारों की समस्याओं को मुख्यमंत्री तक पहुंचाया जाएगा।
पूर्व विधायक गोपाल मीणा ने पत्रकारों को समाज का आईना बताते हुए कहा कि उन्हें ईमानदारी और निष्पक्षता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। वहीं वरिष्ठ पत्रकार लल्लू लाल शर्मा ने पत्रकारों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और संगठन के माध्यम से आवाज बुलंद करने की बात कही।
एनयूजेआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष रास बिहारी ने पत्रकार सुरक्षा कानून की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि इससे पत्रकारों की पहचान सुनिश्चित होगी और फर्जी पत्रकारों पर रोक लग सकेगी। उन्होंने जर्नलिस्ट्स वर्किंग एक्ट समाप्त होने पर चिंता व्यक्त करते हुए केंद्र सरकार से नेशनल जर्नलिस्ट्स रजिस्ट्रार और मीडिया काउंसिल के गठन की मांग की।
जार के प्रदेश अध्यक्ष संजय सैनी और प्रदेश महासचिव सुरेश सैनी ने कहा कि संगठन पत्रकारों के हितों के लिए लगातार संघर्षरत रहेगा, खासकर ग्रामीण क्षेत्र के पत्रकारों को सशक्त बनाना प्राथमिकता है।

समारोह के अंत में अतिथियों का साफा पहनाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। इस अवसर पर राकेश मीणा, दधीबल यादव, विनोद चतुर्वेदी, कन्हैया लाल शर्मा, नायला सरपंच, उपखंड अधिकारी ललित मीना, तहसीलदार रामधन विश्नोई व प्रांजल कंवर सहित बड़ी संख्या में पत्रकार और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम में संगठन की एकजुटता और पत्रकारों के हितों के प्रति प्रतिबद्धता स्पष्ट रूप से नजर आई।


