भ
भवानीमंडी (जगदीश पोरवाल, ) 25 मार्च। भवानीमंडी उपखंड के सरकारी दफ्तरों में बुधवार सुबह राज्य स्तरीय निरीक्षण दल की आकस्मिक कार्रवाई में बड़ी लापरवाही सामने आई। सुबह 9:40 बजे शुरू हुए निरीक्षण में कई विभागों में कर्मचारी और अधिकारी बड़ी संख्या में अनुपस्थित मिले।
जयपुर से आए प्रशासनिक सुधार एवं समन्वय (निरीक्षण) विभाग के निर्देश पर गठित दल ने शासन उप सचिव व अतिरिक्त निदेशक (निरीक्षण) सुनील कुमार शर्मा के नेतृत्व में विभिन्न कार्यालयों की उपस्थिति और कार्यप्रणाली की जांच की।
47 में से 18 अधिकारी गैरहाजिर
निरीक्षण के दौरान 47 राजपत्रित अधिकारियों में से 18 अधिकारी अनुपस्थित पाए गए, जो करीब 38.29% है।
अराजपत्रित कर्मचारियों की हालत भी खराब
157 अराजपत्रित कर्मचारियों में से 62 कर्मचारी गैरहाजिर मिले, यानी करीब 39.49% की अनुपस्थिति दर्ज की गई।

कार्रवाई के निर्देश
निरीक्षण दल ने अनुपस्थित कार्मिकों के खिलाफ नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। साथ ही सभी कार्यालयों में समय पर उपस्थिति और कार्य निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
दल में ये रहे शामिल
निरीक्षण टीम में महेंद्र कुमार सरावता, मनोज पंवार, वीर सिंह, कृष्णावतार कटारिया और सुरेंद्र सिंह नोहवार शामिल रहे। अचानक हुए इस निरीक्षण से सरकारी दफ्तरों में हड़कंप मच गया और कई जगह व्यवस्थाओं की पोल खुल गई।

