एलपीजी उपभोक्ता का सत्यापन पंजीकृत मोबाइल नंबर पर भेजे गए वन टाइम पासवर्ड (OTP) के माध्यम से किया जावेगा




झालावाड़, 21 मार्च। एलपीजी उपभोक्ता केवल अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर से ही गैस सिलेंडर की बुकिंग कर सकेंगे। बुकिंग की सुविधा इंटरएक्टिव वॉयस रिस्पॉन्स सिस्टम (IVRS), व्हाट्सएप, अधिकृत वेबसाइट एवं मोबाइल ऐप सहित अन्य अधिकृत इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों से उपलब्ध रहेगी। प्रत्येक बुकिंग के समय उपभोक्ता का सत्यापन पंजीकृत मोबाइल नंबर पर भेजे गए वन टाइम पासवर्ड (OTP) के माध्यम से किया जाएगा। किसी अन्य माध्यम से की गई बुकिंग मान्य नहीं होगी।

आमजन को बेहतर एवं पारदर्शी एलपीजी गैस वितरण सेवा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए हैं। जिला रसद अधिकारी जितेन्द्र कुमार ने बताया कि नई व्यवस्था के तहत अब गैस सिलेंडर की बुकिंग एवं डिलीवरी प्रक्रिया को अधिक सुरक्षित, पारदर्शी एवं उपभोक्ता हितैषी बनाया गया है।

उपभोक्ताओं को अब डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड ( D A C ) भेजा जाएगा

जिला रसद अधिकारी ने बताया कि सिलेंडर की डिलीवरी के समय उपभोक्ता के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एक डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड (DAC) भेजा जाएगा। डिलीवरी बॉय को यह कोड बताने के बाद ही डिलीवरी को सिस्टम में पूर्ण माना जाएगा। इससे फर्जी डिलीवरी एवं अनियमितताओं पर प्रभावी रोक लगेगी।

मोबाइल नंबर बदलने पर ई केवाईसी करानी होगी

होम डिलीवरी के दौरान यदि उपभोक्ता के पास गैस की पासबुक/डायरी उपलब्ध है, तो डिलीवरी कर्मी द्वारा उसमें प्रविष्टि करना अनिवार्य होगा। इसके अलावा, पंजीकृत मोबाइल नंबर में किसी भी प्रकार का परिवर्तन केवल आधार ई-केवाईसी के माध्यम से उपभोक्ता की सहमति से ही किया जाएगा।

पंजीकृत मोबाइल नंबर को सक्रिय रखें

जिला रसद अधिकारी ने सभी एलपीजी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर को अद्यतन रखें एवं निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए ही गैस सिलेंडर की बुकिंग एवं प्राप्ति करें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।

निर्देशों का उल्लंघन करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी

यदि कोई वितरक या कर्मचारी इन निर्देशों का उल्लंघन करता पाया गया, तो उसके विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के अंतर्गत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

नोट -ए आई द्वारा काल्पनिक चित्र

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!