भवानीमंडी: नवसंवत्सर पर नीम के शरबत से हुआ स्वास्थ्यवर्धक स्वागत, 29 वर्षों से जारी है परंपरा
भवानीमंडी। भारतीय नववर्ष (नवसंवत्सर 2083) के पावन अवसर पर प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी भारत विकास परिषद द्वारा शहर में तीन दिवसीय निःशुल्क नीम शरबत वितरण कार्यक्रम का उत्साहपूर्वक शुभारंभ किया गया। स्टेशन रोड स्थित गोटावाला प्रतिष्ठान पर आयोजित इस कार्यक्रम में परिषद के सदस्यों ने आने-जाने वाले राहगीरों और आगंतुकों का तिलक लगाकर स्वागत किया और उन्हें औषधीय गुणों से भरपूर नीम का शरबत पिलाकर नववर्ष की शुभकामनाएं दीं।
तीन दशकों से सेवा का संकल्प
भारत विकास परिषद की विवेकानंद शाखा के अध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता एवं आदर्श शाखा के अध्यक्ष डॉ. राजदीप सिंह छाबड़ा ने बताया कि परिषद पिछले 29 वर्षों से भवानीमंडी में इस सेवा प्रकल्प को निरंतर चला रही है। चैत्र नवरात्रि के प्रारंभ के साथ ही नीम की कोमल पत्तियों से निर्मित इस शरबत को ग्रहण करने के लिए नगर के कोने-कोने से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
सेहत का खजाना है यह ‘कड़वा’ शरबत
कार्यक्रम के सहयोगी धर्मचंद गोटावाला एवं राजेश गोटावाला ने नीम शरबत के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि:
- रोग प्रतिरोधक क्षमता: चैत्र माह में नीम की नई कोपलों का सेवन शरीर की इम्यूनिटी बढ़ाता है।
- त्वचा रोग: यह दाद, खाज, खुजली जैसे चर्म रोगों में अत्यंत लाभकारी है।
- मौसमी बीमारियाँ: सर्दी, जुकाम, खांसी और बुखार जैसे संक्रमणों से बचाव में यह औषधि का कार्य करता है।
रविवार तक चलेगा वितरण
परिषद सदस्यों ने बताया कि यह वितरण कार्यक्रम आगामी 22 मार्च (रविवार) तक जारी रहेगा। शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में संरक्षक धर्मचंद गोटावाला, कमल सुरेका, हेमराज शर्मा, प्रहलाद सिंह, श्याम चौधरी, दामोदर शुक्ला, मनोज अग्रवाल, जितेंद्र गर्ग, जगदीश पाटीदार, उमाशंकर पोरवाल सहित परिषद के अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।


