दुधाखेड़ी माताजी के लाइव दर्शन शुरू — आस्था और विश्वास का अनोखा धाम


भवानीमंडी। ( जगदीश पोरवाल ) मंदसौर जिले के गरोठ उपखंड में स्थित प्रसिद्ध आरोग्य स्थल दुधाखेड़ी माताजी मंदिर ( केसर बाई ) में अब श्रद्धालु घर बैठे ही माताजी के लाइव दर्शन कर सकेंगे। कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग के मार्गदर्शन में मंदिर में ऑनलाइन दर्शन की सुविधा शुरू की गई है, जिससे दूर-दराज के भक्त भी माताजी के दर्शन और आरती का लाभ ले सकेंगे।

श्रद्धालु मंदिर के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट

dudhakhedi_mataji_mandir_trust या वेबसाइट maadudhakedimataji.com पर जाकर लिंक के माध्यम से 24×7 (पट खुले रहने तक) लाइव दर्शन कर सकते हैं।

आस्था का केंद्र — आरोग्य धाम के रूप में प्रसिद्ध

दुधाखेड़ी माताजी मंदिर केवल आस्था का केंद्र ही नहीं बल्कि एक आरोग्य धाम के रूप में भी प्रसिद्ध है। वर्षों से चली आ रही मान्यता के अनुसार यहां लकवा (पैरालिसिस) से ग्रस्त श्रद्धालु माताजी के प्रति आस्था लेकर आते हैं और स्वस्थ होकर लौटते हैं।

मंदिर परिसर में:

हर शनिवार और रविवार को सैकड़ों लकवा ग्रस्त मरीज आरती में शामिल होते हैं
कई श्रद्धालु 1 से 2 महीने तक मंदिर परिसर में रहकर साधना और उपचार जैसी आस्था रखते हैं
मंदिर ट्रस्ट द्वारा बाहर से आने वाले भक्तों के लिए रहने-खाने की व्यवस्था भी की गई है

निर्माण कार्य जारी

मंदिर का निर्माण कार्य पिछले करिब 7-8 वर्षों से लगातार चल रहा है, हालांकि अभी भी कुछ कार्य शेष है। वर्तमान में माताजी का दरबार अस्थायी टीन शेड में संचालित हो रहा है।

नवरात्र में लगता है भव्य मेला

चैत्र और शारदीय नवरात्र के दौरान यहां 9 दिनों तक व मेला लगता है, जिसमें हजारों श्रद्धालु दूर-दूर से दर्शन के लिए पहुंचते हैं। इस दौरान मंदिर परिसर में भक्तों की भारी भीड़ और भक्ति का अद्भुत माहौल देखने को मिलता है।
आस्था, विश्वास और आधुनिक तकनीक का यह संगम अब श्रद्धालुओं को घर बैठे माताजी से जोड़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!