स्वच्छ भारत मिशन पर कार्यशाला, जीरो टॉलरेंस से ही बनेगा शहर स्वच्छ


झालावाड़, 19 मार्च।
राज्य सरकार द्वारा नियुक्त स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर के.के. गुप्ता ने गुरुवार को झालावाड़ पहुंचकर जिले की स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा की और अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। जिला परिषद सभागार में आयोजित स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 के तहत कार्यशाला में नगरपरिषद, नगरपालिकाओं सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए गुप्ता ने स्पष्ट कहा कि सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। “जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाए बिना शहरों को स्वच्छ बनाना संभव नहीं है। स्वच्छता को केवल सर्वेक्षण की रैंकिंग तक सीमित न रखें, बल्कि 365 दिन बनाए रखने की सोच विकसित करें,” उन्होंने कहा।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार स्वच्छ भारत मिशन की नियमित मॉनिटरिंग कर रही है और लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

5 प्रमुख बिंदुओं पर दिया जोर

स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर ने कार्यशाला में सफाई व्यवस्था सुधार के लिए पांच मुख्य बिंदुओं पर विशेष फोकस करने के निर्देश दिए—
तय समय से पहले घर-घर कचरा संग्रहण
गीला और सूखा कचरा अलग-अलग करना
कचरा संग्रहण वाहनों (टीपर) की संख्या बढ़ाना
कचरा उठाव की नियमित मॉनिटरिंग
जनजागरूकता के लिए आईईसी गतिविधियों का संचालन

नाइट स्वीपिंग और सख्ती के निर्देश

गुप्ता ने शहरों में रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था मजबूत करने के लिए नियमित नाइट स्वीपिंग शुरू करने पर जोर दिया। इसके साथ ही उन्होंने सार्वजनिक शौचालयों की नियमित सफाई, सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध, खाली प्लॉटों की सफाई व बाउंड्री कराने तथा गंदगी मिलने पर संबंधित मालिकों से जुर्माना वसूलने के निर्देश दिए।
इसके अलावा स्ट्रीट लाइट चालू रखने, पार्कों की सफाई, सड़कों पर निर्माण सामग्री नहीं डालने, अवैध मांस दुकानों पर कार्रवाई तथा सरकारी संपत्तियों पर पोस्टरबाजी रोकने के भी निर्देश दिए गए।

अधिकारियों को मिला स्पष्ट विजन

नगरपरिषद झालावाड़ के आयुक्त अशोक कुमार शर्मा ने कहा कि इस कार्यशाला से शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए स्पष्ट दिशा और विजन प्राप्त हुआ है।
कार्यशाला में जिले के विभिन्न निकायों के अधिशासी अधिकारी, स्वास्थ्य निरीक्षक और विभागीय अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
—00—

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!