गागरोन जलदुर्ग में स्टाफ कैंटीन का शुभारंभ, पर्यटकों व स्टाफ को मिलेगी बेहतर सुविधा

जिला कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक ने विधिवत फीता काटकर किया उद्घाटन

झालावाड़, 19 मार्च। पर्यटन सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए जिला प्रशासन द्वारा विश्व धरोहर गागरोन किला में गुरुवार को स्टाफ कैंटीन का शुभारंभ किया गया। राम बुर्ज पर आयोजित कार्यक्रम में जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने विधिवत फीता काटकर कैंटीन का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर जिला कलेक्टर ने कहा कि गागरोन जलदुर्ग पर कार्यरत स्टाफ एवं यहां आने वाले पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि स्टाफ कैंटीन के प्रारंभ होने से अब कर्मचारियों को कार्यस्थल पर ही जलपान की सुविधा उपलब्ध होगी, साथ ही पर्यटकों को भी गुणवत्तापूर्ण खाद्य एवं पेय सामग्री आसानी से मिल सकेगी।

उन्होंने आगे कहा कि गागरोन किला प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में से एक है, जहां देश-विदेश से पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में बुनियादी सुविधाओं का सुदृढ़ होना आवश्यक है, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ आगंतुकों का अनुभव भी बेहतर हो सके।

पर्यटन विभाग के सहायक निदेशक सिराज कुरैशी ने जानकारी देते हुए बताया कि नव स्थापित कैंटीन में चाय, कॉफी, कोल्ड ड्रिंक्स, आइसक्रीम सहित विभिन्न प्रकार के स्नैक्स एवं पेय पदार्थ उपलब्ध रहेंगे। यह कैंटीन पर्यटकों एवं स्टाफ दोनों के लिए उपयोगी सिद्ध होगी।

कार्यक्रम के दौरान जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शंभु दयाल मीणा, संग्रहालयाध्यक्ष अजय शर्मा सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं आमजन उपस्थित रहे।
——००——

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!