ग
“जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं, जल्द समाधान नहीं हुआ तो होगा उग्र आंदोलन”
भवानीमंडी। ( जगदीश पोरवाल )
शहर में गंदे पेयजल की आपूर्ति, बिगड़ी जल व्यवस्था और कथित अवैध बिल वसूली को लेकर नगर कांग्रेस कमेटी एवं नागरिकों ने कलेक्टर के नाम एक ज्ञापन जल अभियांत्रिकी विभाग के अधिशासी अभियंता को सौंपा गया ।
ज्ञापन में नगर कांग्रेस अध्यक्ष विनय आस्तोलिया ने आरोप लगाया कि जलदाय विभाग की घोर लापरवाही और तानाशाही रवैये के चलते शहरवासी गंदा, मटमैला और बदबूदार पानी पीने को मजबूर हैं। अधिकांश बस्तियों में दूषित जल सप्लाई हो रही है, जिससे महामारी फैलने का खतरा बना हुआ है। पाइपलाइनें जगह-जगह टूटी हुई हैं, हैंडपंप बंद पड़े हैं और वैकल्पिक जल व्यवस्था पूरी तरह नदारद है।
सप्लाई गंदे पानी और बिल में राशि भारी भरकम
कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि एक ओर जनता को गंदा पानी दिया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर औसत बिलिंग, भारी-भरकम प्रभार, ब्याज और पेनल्टी के जरिए आर्थिक शोषण किया जा रहा है। वसूली के नाम पर कनेक्शन काटने की धमकियां देकर आमजन को प्रताड़ित किया जा रहा है।
विभाग द्वारा प्रतिदिन दी जा रही जल सप्लाई की उच्च अधिकारियों द्वारा जांच कराई जाए
ज्ञापन में मांग की गई है कि गंदे पानी की उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए, पाइपलाइनों की मरम्मत कर स्वच्छ जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए, वैकल्पिक व्यवस्था शुरू की जाए तथा अतिरिक्त बिल, ब्याज और पेनल्टी को समाप्त किया जाए। साथ ही गर्मियों में किसी भी उपभोक्ता का कनेक्शन नहीं काटने के निर्देश देने की मांग रखी गई।

ज्ञापन देने वालों में कांग्रेस के अग्रिम संगठनों के पदाधिकारी नगर कांग्रेस अध्यक्ष विनय आस्तोलिया,पूर्व अध्यक्ष प्रमोद जैन पिंटू,वरुण मीणा,आनंद काला,अरुण तंवर, विकास पांडे,रीना शर्मा, अखीम भाई, सलीम खान,मानसिंह जुझारू, प्रबल जैन,हसीब चौधरी आदि उपस्थित थे ।
पूर्व में भी प्रदर्शन किया गया था भारी भरकम बिलों की राशि को लेकर
कांग्रेस नेता वह पूर्व नगर अध्यक्ष प्रमोद जैन पिंटू ने बताया कि पूर्व में भी प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है कि राज्य सरकार स्वयं राजगढ़ पेयजल योजना स्वीकृत कर यह मान चुकी है कि वर्तमान पिपलाद बांध का पानी अशुद्ध है। इसके बावजूद न तो योजना पर काम शुरू हुआ और न ही स्थिति में सुधार आया। पुराने बिलों पर चक्रवृद्धि ब्याज जोड़कर हजारों रुपये की वसूली की जा रही है, जिसे तुरंत रोका जाए।
भवानीमंडी को पेयजल की सप्लाई राजगढ़ से शीघ्र प्रारंभ की जाए
नगर अध्यक्ष ने बताया कि राजगढ़ पेयजल योजना के लंबित टेंडर शीघ्र पूरे कर कार्य शुरू करने और शहर में प्रस्तावित चार टंकियों में से शेष टंकी (राधेश्याम गार्डन) का निर्माण तत्काल शुरू करने की विभाग से मांग की गई।
मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
कांग्रेस ने ज्ञापन मे चेतावनी है कि समय पर नगर में की जा रही प्रतिदिन जलप्रदाय में सुधार नहीं किया गया तो कांग्रेस पार्टी द्वारा उग्र आंदोलन किया जाएगा जिसकी समस्त जवाबदारी प्रशासन की होगी ।
हल्ला बोल आंदोलन
कांग्रेस ने साफ चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित में समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो “हल्ला बोल आंदोलन” शुरू किया जाएगा। इसके तहत रोजाना जलदाय विभाग के सामने धरना-प्रदर्शन कर मांगें पूरी होने तक संघर्ष जारी रहेगा।
अधिकारी ने कहां
जल अभियांत्रिकी विभाग के अधिशासी अधिकारी राजेश मीणा ने बताया कि कांग्रेस के प्रतिनिधि मंडल ने नगर में गंदे पानी कि सप्लाई को लेकर ज्ञापन दिया है । ज्ञापन में लिखी गई समस्याओं को अतिशीघ्र हल कर दिया जाएगा, पेयजल सप्लाई के हमारे सोर्स है ,वहां से तो पानी अच्छा आ रहा है ,मोहल्लों में कहीं पाइप लाइन लीकेज है या कनेक्शन में लीकेज है तो उसको देखकर ठीक करवा दिया जाएगा ।
मीणा ने बताया कि उनकी मुख्य मांग थी भारी भरकम बिलों की राशि को लेकर उस पर हमारा कोई दबाव नहीं है ।लेकिन वसूली को लेकर हमारे ऊपर से आदेश है फिर भी हम बकाया राशि वाले नल उपभोक्ताओं को फोर्स नहीं कर रहे हैं , उनका कनेक्शन नहीं काट रहे हैं, नोटिस नहीं दे रहे हैं, जो स्वेच्छा से जमा करावे वह ठीक है ।

