भवानीमंडी: चिकनी सीसी रोड बनी सिरदर्द, आए दिन हो रहे हादसे



भवानीमंडी: शहर की पुरानी पंजाब बैंक चौराहा रोड पर बना सीसी (सीमेंट कंक्रीट) मार्ग इन दिनों दोपहिया वाहन चालकों के लिए मुसीबत का सबब बना हुआ है। सड़क के अत्यधिक चिकने होने के कारण यहां आए दिन हादसे हो रहे हैं। इस समस्या से परेशान क्षेत्रवासियों ने उपखंड अधिकारी श्रृद्धा गोमे को ज्ञापन सौंपकर सड़क को ठीक कराने की मांग की है।

उपखंड अधिकारी को दिये गये ज्ञापन में ‘समस्त पुरानी पंजाब बैंक चौराहा निवासीगण’ की ओर से कहा गया है कि पुरानी पंजाब बैंक चौराहा रोड भवानीमंडी का एक व्यस्त मार्ग है और यहां सीसी रोड बनी हुई है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यह मार्ग अत्यधिक ‘चिकनाईयुक्त’ होने की वजह से आए दिन दुपहिया वाहन चालक फिसलकर गिर रहे हैं, जिससे वे चोटिल हो रहे हैं।
ज्ञापन के अनुसार, इस संबंध में मोहल्लेवासियों द्वारा कई बार नगर पालिका भवानीमंडी को भी सूचित किया गया है, लेकिन नगर पालिका की ओर से अब तक सड़क की मरम्मत या इसे ठीक कराने को लेकर कोई ध्यान नहीं दिया गया है। लोगों का कहना है कि नपा प्रशासन की अनदेखी के राहगीर चलते उनकी जान जोखिम में है।
समस्या की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्रवासियों ने उपखंड अधिकारी से निवेदन किया है कि वे इस मामले में हस्तक्षेप करें। उन्होंने मांग की है कि नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को तत्काल आदेशित किया जाए कि इस मार्ग को ठीक कराया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाएं न हों और लोगों को परेशानी से निजात मिल सके।
ज्ञापन पर बड़ी संख्या में स्थानीय निवासियों के हस्ताक्षर मौजूद हैं, जो इस समस्या से उनकी नाराजगी और जल्द समाधान की उम्मीद को दर्शाते हैं। ज्ञापन देने वालों में के के राठी ,राकेश थावरिया, विजय नाहर ,मनीष गुप्ता ,विनोद मांदलिया ,सहित अनेक दुकानदार उपस्थित थे ।शहर की एक व्यस्त सड़क पर इस तरह की स्थिति चिंताजनक है और अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस पर क्या कार्रवाई करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!