अवैध गैस भण्डारण एवं रिफिलिंग पर रसद विभाग की कार्रवाई, 15 सिलेंडर सहित उपकरण जब्त

भवानीमंडी 17 मार्च। जिले में घरेलू गैस के अवैध भण्डारण एवं रिफिलिंग के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को उपखंड भवानीमंडी के ग्राम छत्रपुरा में रसद विभाग द्वारा प्रभावी कार्रवाई की गई।

जिला रसद अधिकारी जितेंद्र कुमार के निर्देशन में प्राप्त सूचना के आधार पर संतोष कुमार पुत्र जानकी लाल की चाय की दुकान पर जांच की गई। जांच के दौरान घरेलू गैस के अवैध भण्डारण एवं रिफिलिंग का मामला सामने आया।

कार्रवाई के दौरान मौके से 15 घरेलू गैस सिलेंडर, एक इलेक्ट्रिक मोटर, एक तोलकांटा तथा पांच रेग्यूलेटर मय पाइप जब्त किए गए। उक्त कार्रवाई जिला रसद अधिकारी जितेंद्र कुमार एवं प्रवर्तन निरीक्षक राजपाल द्वारा संयुक्त रूप से अंजाम दी गई।

जब्त सामग्री को श्री साईं एचपी गैस ग्रामीण वितरक, पीपलिया की सुपुर्दगी में सुरक्षित रखवाया गया है। प्रकरण को आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 6A के अंतर्गत माननीय जिला कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।

जिला रसद अधिकारी ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि वर्तमान में एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें। विभाग द्वारा आपूर्ति व्यवस्था सुचारू बनाए रखने हेतु सतत प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि अवैध गैस रिफिलिंग न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह अत्यंत खतरनाक भी है, जिससे जन-धन की हानि की संभावना बनी रहती है। आमजन से आग्रह है कि इस प्रकार की किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
——००——

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!