भवानीमंडी। हिंदू नववर्ष के आगमन को लेकर शहर में तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी क्रम में रविवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ भवानीमंडी नगर द्वारा नगर की रचना के अनुसार मुक्तिधाम रोड स्थित भारत माता पार्क में वर्ष प्रतिपदा उत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणवेशधारी स्वयंसेवक, गणमान्य नागरिक तथा मातृशक्ति की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम की शुरुआत संघ के संस्थापक डॉ. केशव राव बलीराव हेडगेवार को आद्य सरसंघचालक प्रणाम कर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद अवतरण और काव्य गीत के माध्यम से स्वयंसेवकों ने राष्ट्रभक्ति और सांस्कृतिक गौरव का भाव व्यक्त किया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ राजस्थान क्षेत्र के क्षेत्रीय कार्यकारिणी सदस्य हनुमान सिंह ने अपने संबोधन में पंच परिवर्तन, हिंदुत्व और सामाजिक समरसता जैसे विषयों पर विस्तार से विचार रखे। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपने आचरण से आदर्श प्रस्तुत करना चाहिए। आज कुछ लोग नौकरियों में गलत तरीके से पैसा कमाने में लगे हुए हैं, जो सर्वथा अनुचित है और क्षमा योग्य नहीं है। हमें ऐसे कार्यों से बचते हुए ईमानदारी और नैतिकता के साथ जीवन जीना चाहिए, तभी समाज में सकारात्मक परिवर्तन संभव है।
उन्होंने आगे कहा कि संघ का उद्देश्य समाज में संगठन, संस्कार और सेवा की भावना को मजबूत करना है। वर्ष प्रतिपदा का पर्व भारतीय संस्कृति में नव आरंभ का प्रतीक है और यह समाज को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने का संदेश देता है।
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ जिला भवानीमंडी के जिला संघचालक बने सिंह सोलंकी मंचासीन रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों के साथ शहर के अनेक गणमान्य नागरिकों और मातृशक्ति की भी भागीदारी रही, जिससे आयोजन का वातावरण उत्साहपूर्ण और प्रेरणादायी बन गया।


