
झालावाड़, 16 मार्च। राज्य सरकार द्वारा रबी विपणन सीजन (आरएमएस) 2026-27 के दौरान न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर गेहूं खरीद की प्रक्रिया को सुगम एवं व्यवस्थित बनाने के लिए पंजीकृत किसानों के लिए ऑनलाइन स्लॉट बुकिंग व्यवस्था लागू की गई है। इसके माध्यम से किसान अपनी सुविधानुसार तुलाई की तिथि निर्धारित कर सकेंगे।
जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं विक्रय हेतु राज्य खाद्यान्न खरीद पोर्टल https://food.rajasthan.gov.in पर जाकर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार स्लॉट बुकिंग करें। यह सुविधा 25 जून 2026 तक उपलब्ध रहेगी।
जिला रसद अधिकारी जितेन्द्र कुमार ने बताया कि जारी निर्देशों के अनुसार पंजीकृत किसान अपनी गेहूं फसल के विक्रय के लिए ऑनलाइन स्लॉट बुक कर सकेंगे। यदि किसी किसान द्वारा बुक की गई तुलाई तिथि में परिवर्तन की आवश्यकता हो, तो किसान पुनः पोर्टल पर जाकर नई तिथि के लिए स्लॉट बुक कर सकता है।
तुलाई की तिथि का आवंटन संबंधित क्रय केन्द्र की प्रतिदिन की खरीद क्षमता के अनुसार किया जाएगा, जिससे व्यवस्था सुचारू बनी रहे और किसानों को अनावश्यक प्रतीक्षा नहीं करनी पड़े। किसानों को तुलाई तिथि की सूचना एसएमएस के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे वे निर्धारित तिथि पर अपनी उपज लेकर क्रय केन्द्र पर पहुंच सकें।
जिला प्रशासन ने सभी पंजीकृत किसानों से आग्रह किया है कि वे समय रहते स्लॉट बुकिंग कर अपनी उपज का विक्रय करें तथा इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। इससे गेहूं खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता, सुगमता एवं समयबद्धता सुनिश्चित होगी।
—00—
