भवानीमंडी, 15 मार्च 2026।
प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के राजयोग सेवा केन्द्र पर शनिवार सायंकाल “विश्व एकता और विश्वास” विषय पर आध्यात्मिक सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में इंदौर जोन की निदेशक ब्र.कु. हेमलता दीदी ने उपस्थित भाई-बहनों को संबोधित करते हुए जीवन में पवित्रता के महत्व को विस्तार से समझाया।
हेमलता दीदी ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि आत्मा को पवित्र बनाने का संदेश देने वाला पर्व है। उन्होंने कहा कि होली का वास्तविक अर्थ है अपने मन, वचन और कर्म को पवित्र बनाना। जब मनुष्य के जीवन में पवित्रता आती है तो वहीं से सुख, शांति और आत्मिक आनंद का जन्म होता है। उन्होंने कहा कि जहां पवित्रता की शक्ति होती है वहां दुःख, अशांति, तनाव और क्रोध अधिक समय तक टिक नहीं सकते।

उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में विश्व में बढ़ती अशांति, अविश्वास और तनाव का मुख्य कारण मनुष्य का आंतरिक अशुद्ध विचार और नकारात्मकता है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में राजयोग के माध्यम से आत्मचिंतन और आत्मशुद्धि को अपनाए, तो समाज में भाईचारा, विश्वास और विश्व एकता की भावना स्वतः विकसित हो सकती है।
इससे पूर्व कार्यक्रम की शुरुआत में ब्रह्माकुमारी संस्थान की झालावाड़ जिला प्रमुख ब्र.कु. मीना दीदी ने इंदौर जोनल निदेशक हेमलता दीदी का स्वागत करते हुए कहा कि ब्रह्माकुमारी संस्था आध्यात्मिक ज्ञान और राजयोग के माध्यम से समाज में नैतिक मूल्यों और सकारात्मक जीवनशैली का संदेश दे रही है।
कार्यक्रम के दौरान उज्जैन की संचालिका ब्र.कु. उषा दीदी ने भी अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में कहा कि जीवन को सरल, शांत और आनंदमय बनाने के लिए सकारात्मक सोच और आध्यात्मिकता को अपनाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जब व्यक्ति स्वयं को आत्मा समझकर परमात्मा से योग जोड़ता है, तब जीवन की अनेक समस्याओं का समाधान सहज रूप से मिलने लगता है।
कार्यक्रम की व्यवस्था स्थानीय राजयोग सेवा केन्द्र की संचालिका ब्र.कु. निशा दीदी के नेतृत्व में की गई। सभा में बड़ी संख्या में शहर के गणमान्य नागरिक, माताएं-बहनें और युवक-युवतियां उपस्थित रहे।
इस अवसर पर पूर्व कृषि उपज मंडी समिति अध्यक्ष चन्द्रकांता, भाजपा जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष रंजीता पाण्डेय सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता और श्रद्धालु उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने आध्यात्मिक चिंतन के साथ विश्व शांति और मानवता के कल्याण के लिए सामूहिक प्रार्थना की।
फैक्ट
आयोजन: राजयोग सेवा केन्द्र, भवानीमंडी
विषय: विश्व एकता और विश्वास
मुख्य वक्ता: ब्र.कु. हेमलता दीदी (जोनल निदेशक, इंदौर)
विशेष उपस्थिति: ब्र.कु. मीना दीदी, ब्र.कु. उषा दीदी, ब्र.कु. निशा दीदी
बड़ी संख्या में शहर के नागरिक और ब्रह्माकुमारी परिवार के सदस्य शामिल हुए ।


