पुलिस व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और आधुनिक तकनीक के उपयोग पर अधिकारियों से ली जानकारी
भवानीमंडी। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक लता मनोज कुमार ने रविवार को भवानीमंडी वृत्त कार्यालय का निरीक्षण किया। उनके आगमन पर पुलिस जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर स्वागत किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिस व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और आमजन को बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने को लेकर अधिकारियों से विस्तार से चर्चा की।
एडीजीपी ने अधिकारियों से कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल अपराधियों पर कार्रवाई करना ही नहीं बल्कि आमजन में सुरक्षा और विश्वास का माहौल बनाना भी है। उन्होंने कहा कि पुलिस को जनता के साथ संवेदनशील और जिम्मेदार व्यवहार करते हुए कार्य करना चाहिए ताकि आमजन को पुलिस पर भरोसा बना रहे।
आमजन से जुड़े मामलों का समय पर निस्तारण करे
निरीक्षण के दौरान एडीजीपी ने पुलिस कार्यप्रणाली, थानों में दर्ज अपराधों की स्थिति, लंबित मामलों के निस्तारण, रिकॉर्ड संधारण और पुलिस संसाधनों की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन से जुड़े मामलों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए और पुलिस सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जाए।
राजकोप सिस्टम से डाटा तैयार होगा
एडीजीपी ने बताया कि पुलिस विभाग द्वारा राजकोप सिस्टम के माध्यम से ऐसा डाटा तैयार किया जा रहा है, जिससे पुलिसकर्मी मात्र एक फोटो के आधार पर कुछ ही मिनटों में किसी भी अपराधी का पूरा आपराधिक रिकॉर्ड देख सकेंगे। इससे अपराधियों की पहचान और निगरानी में पुलिस को बड़ी मदद मिलेगी तथा अपराध नियंत्रण और अधिक प्रभावी होगा।
अपराधों के नियंत्रण पर जिला पुलिस अधीक्षक की प्रशंसा की
इस दौरान एडीजीपी ने जिले में अपराधों पर नियंत्रण के लिए जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार द्वारा किए जा रहे प्रयासों और नवाचारों की सराहना की। उन्होंने कहा कि पुलिस की सक्रियता से क्षेत्र में अपराधियों में भय का माहौल बना है, जो कानून व्यवस्था के लिए सकारात्मक संकेत है।
निरीक्षण के दौरान प्रशासन और पुलिस विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे। इस अवसर पर उपखंड अधिकारी श्रृद्धा गोमे, पुलिस उपाधीक्षक प्रेम कुमार चौधरी, सीआई प्रमोद कुमार सहित पुलिस सर्किल के अन्य थाना प्रभारी भी उपस्थित रहे।
क्या है राजकोप
राजकोप सिस्टम से मिलेगी बड़ी मदद
फोटो के आधार पर अपराधियों की पहचान संभव
कुछ ही मिनटों में मिल सकेगा पूरा आपराधिक रिकॉर्ड
अपराधियों पर प्रभावी निगरानी रखने में मिलेगी सहायता
आधुनिक तकनीक से मजबूत होगा पुलिस तंत्र
फोटो कैप्शन
भवानीमंडी: वृत्त कार्यालय निरीक्षण के दौरान एडीजीपी लता मनोज कुमार पुलिस जवानों की परेड का निरीक्षण करती हुईं।
