भारत विकास परिषद के चुनाव संपन्न: विवेकानंद शाखा के अध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता, मीरा शाखा की अध्यक्ष मालती अग्रवाल चुनी गईं



भवानीमंडी | भारत विकास परिषद भवानीमंडी की विवेकानंद एवं मीरा शाखा के सत्र 2026–27 के पदाधिकारियों का चुनाव रविवार को गोपाल गौशाला स्थित सत्संग भवन में संपन्न हुआ। चुनाव में विवेकानंद शाखा के अध्यक्ष पद पर ओमप्रकाश गुप्ता तथा मीरा शाखा की अध्यक्ष पद पर मालती अग्रवाल को सर्वसम्मति से चुना गया। उपस्थित सदस्यों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ नव निर्वाचित पदाधिकारियों का माला पहनाकर स्वागत किया।
परिषद के मीडिया प्रभारी कमलेश गुप्ता दलाल ने बताया कि प्रांतीय चुनाव पर्यवेक्षक विजय मेहता के निर्देशन में विवेकानंद शाखा के चुनाव संपन्न हुए। इसमें अध्यक्ष पद के लिए ओमप्रकाश गुप्ता, सचिव पद के लिए संदीप राठौर तथा कोषाध्यक्ष पद के लिए सुमित छाबड़ा के प्रस्ताव का सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से समर्थन किया।
इसी प्रकार मीरा शाखा के चुनाव में अध्यक्ष पद पर मालती अग्रवाल, सचिव पद पर सुधा फलेट तथा कोषाध्यक्ष पद पर राजेश बिरला को सर्वसम्मति से चुना गया। चुनाव पर्यवेक्षक राजेश गोटावाला ने तीनों पदाधिकारियों को निर्वाचित घोषित किया, जिसका उपस्थित सदस्यों ने तालियां बजाकर स्वागत किया।

सालभर में किए कई सेवा कार्य

कार्यक्रम में विवेकानंद शाखा का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए अध्यक्ष एडवोकेट हेमराज शर्मा ने बताया कि शाखा ने वर्षभर में 11 नेत्र चिकित्सा शिविर आयोजित कर 260 मोतियाबिंद ऑपरेशन, 26 नेत्रदान तथा 243 नेत्रदान संकल्प करवाए। इसके अलावा देहदान, विधिक जागरूकता शिविर, ग्रामीण बच्चों को स्वेटर व नोटबुक वितरण, रक्तदान शिविर, वृक्षारोपण, नवसंवत्सर पर नीम शरबत वितरण, गर्मी में जल मंदिर स्थापना तथा अंगदान पोस्टर का विमोचन जैसे कई सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यों के लिए परिषद शाखा को प्रांतीय स्तर पर उत्कृष्टता सम्मान भी प्राप्त हुआ।
वहीं मीरा शाखा की अध्यक्ष मंजू भराड़िया ने बताया कि शाखा द्वारा एनीमिया मुक्त भारत अभियान के तहत गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार व फल वितरण, तुलसी गमला वितरण, एकादशी पर ठंडाई वितरण, मुक्तिधाम में वृक्षारोपण, नेत्रदान संकल्प, जरूरतमंद विद्यार्थियों को शिक्षण सामग्री, स्वेटर व स्कूल बैग वितरण तथा फागोत्सव जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए।

गौ माता पूजन से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ

कार्यक्रम की शुरुआत सभी सदस्यों द्वारा गौ माता का पूजन कर हरा चारा अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद सवामणि कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन एडवोकेट हेमराज शर्मा ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!