एलपीजी आपूर्ति को लेकर उपभोक्ताओं की शंकाएं दूर करने के लिए सरकार व तेल कंपनियों ने जारी किया FAQ



अल्पकालीन गैस समस्या पर उपभोक्ताओं की जिज्ञासाओं के जवाब, बुकिंग से लेकर आपूर्ति तक हर सवाल का दिया समाधान
भवानीमंडी/झालावाड़।

देश के कई हिस्सों में एलपीजी गैस की अल्पकालीन आपूर्ति समस्या को देखते हुए उपभोक्ताओं में उत्पन्न शंकाओं और भ्रांतियों को दूर करने के लिए सरकार तथा तेल कंपनियों (IOC, BPCL और HPCL) ने एक विस्तृत एफएक्यू (Frequently Asked Questions) जारी किया है। इसमें उपभोक्ताओं द्वारा पूछे जा रहे सामान्य सवालों के स्पष्ट जवाब दिए गए हैं, ताकि गैस की उपलब्धता को लेकर किसी प्रकार की भ्रम की स्थिति न बने।

जारी जानकारी के अनुसार एलपीजी सिलेंडर बुकिंग के लिए उपभोक्ता आईवीआरएस, मोबाइल ऐप, व्हाट्सएप और ऑनलाइन पोर्टल जैसे विभिन्न डिजिटल माध्यमों का उपयोग कर सकते हैं। इंडियन ऑयल, भारत गैस और एचपी गैस के अधिकृत मोबाइल एप के जरिए भी उपभोक्ता आसानी से सिलेंडर बुक करा सकते हैं।

तेल कंपनियों ने बताया कि मोबाइल नंबर अपडेट करने की प्रक्रिया भी बहुत सरल है। उपभोक्ता गैस एजेंसी या निर्धारित नंबर पर कॉल करके कुछ ही मिनटों में अपना मोबाइल नंबर अपडेट करा सकते हैं। इससे बुकिंग और डिलीवरी से संबंधित जानकारी सीधे उपभोक्ता तक पहुंच सकेगी।
FAQ में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि किसी उपभोक्ता ने सिलेंडर बुक कराया है लेकिन अभी तक डिलीवरी नहीं मिली है, तो वह संबंधित तेल कंपनी के मोबाइल एप या अपने गैस वितरक से संपर्क कर सकता है। यदि बुकिंग के बाद डीएसी (डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड) प्राप्त नहीं हुआ है, तो डिलीवरी के समय वितरक द्वारा उपभोक्ता के मोबाइल पर कोड भेजा जाएगा।

तेल कंपनियों ने बताया कि वर्तमान में कुछ क्षेत्रों में आपूर्ति और परिवहन से जुड़ी अस्थायी दिक्कतों के कारण डिलीवरी में देरी हो सकती है। सामान्य परिस्थितियों में सिलेंडर की डिलीवरी बुकिंग के लगभग 25 दिनों के भीतर कर दी जाती है, हालांकि प्रयास किया जा रहा है कि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो।
सरकार और तेल कंपनियों ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे घबराहट में अतिरिक्त सिलेंडर बुकिंग या अनावश्यक स्टॉक न करें। सभी उपभोक्ताओं को समान रूप से एलपीजी की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

उपभोक्ताओं के लिए महत्वपूर्ण सलाह

केवल आवश्यकता के अनुसार ही सिलेंडर बुक करें।
अफवाहों पर ध्यान न दें।
बुकिंग और जानकारी के लिए अधिकृत ऐप या गैस एजेंसी से संपर्क करें।
सरकार और तेल कंपनियां एलपीजी की नियमित आपूर्ति बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!