संभागीय आयुक्त अनिल कुमार अग्रवाल ने अधिकारियों को जनसमस्याओं पर संवेदनशीलता से कार्य करने को कहा
भवानीमंडी/झालावाड़, 13 मार्च।( जगदीश पोरवाल ) संभागीय आयुक्त एवं प्रभारी सचिव श्री अनिल कुमार अग्रवाल की अध्यक्षता में गुरुवार को पंचायत समिति भवानीमण्डी की ग्राम पंचायत गुराड़ियामाना में रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। रात्रि चौपाल के दौरान संभागीय आयुक्त ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए।
संभागीय आयुक्त ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप ग्रामीण क्षेत्रों में आमजन की समस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया जाए, जिससे लोगों को कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीणों द्वारा उठाई गई समस्याओं पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करते हुए शीघ्र निस्तारण किया जाए।
किसानों की समस्याओं के समाधान के निर्देश
रात्रि चौपाल के दौरान किसानों ने फसल खराबे का मुआवजा नहीं मिलने तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत लाभ नहीं मिलने की समस्या रखी। इस पर संभागीय आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को मामलों की जांच कर पात्र किसानों को शीघ्र लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
ग्राम पंचायत कार्यालय परिसर में स्थित अनुपयोगी भवन को लेकर ग्रामीणों द्वारा ध्वस्त करवाने की मांग पर संभागीय आयुक्त ने सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों को तकमीना तैयार कर नियमानुसार भवन ध्वस्त करने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही पशु चिकित्सा विभाग के अंतर्गत ग्राम गुराड़ियामाना में पशुधन सहायक की व्यवस्था कर नियमित सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
मूलभूत सुविधाओं को लेकर दिए आवश्यक निर्देश
ग्राम में विद्यालय के सामने स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग पर संभागीय आयुक्त ने सार्वजनिक निर्माण विभाग के अभियंता को मौके की जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
इस दौरान ग्रामीणों द्वारा गांव में बिजली के ढीले तारों की समस्या उठाए जाने पर जेवीवीएनएल के अधीक्षण अभियंता को तुरंत जांच कर उन्हें सही करवाने के निर्देश दिए गए। इस दौरान संभागीय आयुक्त ने पेयजल व्यवस्था की भी जानकारी ली और जलदाय विभाग के अधिकारियों को गर्मी के मौसम को देखते हुए नियमित एवं पर्याप्त जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आबादी भूमि में बने सब सेंटर भवन के पट्टा जारी करने की मांग पर विकास अधिकारी को नियमानुसार पट्टा जारी करने की प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
गर्मी के मौसम को देखते हुए विशेष व्यवस्थाएं करने के निर्देश
संभागीय आयुक्त ने आगामी गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए चिकित्सा विभाग के कार्मिकों को स्वास्थ्य सेवाओं की विशेष व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सा सेवाएं सुदृढ़ रहें ताकि किसी भी आपात स्थिति में लोगों को समय पर उपचार मिल सके।
साथ ही जलदाय विभाग को पेयजल आपूर्ति पर विशेष ध्यान रखने के निर्देश देते हुए कहा कि आमजन को गर्मी के मौसम में पानी की कमी का सामना न करना पड़े।
सम्पर्क पोर्टल की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करें
संभागीय आयुक्त ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का समाधान राज्य सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है और इसकी नियमित रूप से राज्य स्तर से मॉनिटरिंग की जा रही है।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों का निस्तारण करते समय परिवादी को पूर्ण संतुष्टि प्रदान करने का प्रयास किया जाए, ताकि प्रशासन के प्रति आमजन का विश्वास और अधिक मजबूत हो।
इस अवसर पर उपखण्ड अधिकारी भवानीमण्डी श्रद्धा गोमे, पुलिस उपाधीक्षक प्रेम कुमार, स्थानीय प्रशासक सहित जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
—00—

