किसान QR कोड या ई-मित्र से कर सकेंगे ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन, सरसों 6200 व चना 5875 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया
झालावाड़, 10 मार्च।
रबी विपणन वर्ष 2026 के तहत किसानों से सरसों और चना की न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीद की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम कुमार दक ने बताया कि भारत सरकार से स्वीकृति मिलने के बाद 15 मार्च 2026 से किसानों का ऑनलाइन पंजीयन प्रारंभ होगा, जबकि फसलों की खरीद 25 मार्च से शुरू की जाएगी।
उन्होंने बताया कि सरसों का न्यूनतम समर्थन मूल्य 6,200 रुपये प्रति क्विंटल तथा चना का समर्थन मूल्य 5,875 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। राज्य में सरसों की 13.78 लाख मीट्रिक टन तथा चना की 5.53 लाख मीट्रिक टन खरीद की सीमा तय की गई है। जिलेवार खरीद सीमा की जानकारी भी ऑनलाइन उपलब्ध करवा दी गई है।
मंत्री दक ने बताया कि राजफेड के क्षेत्रीय कार्यालय कोटा, अजमेर, भरतपुर एवं श्रीगंगानगर के माध्यम से खरीद व्यवस्था संचालित की जाएगी। अजमेर, जोधपुर, बीकानेर और कोटा क्षेत्रीय कार्यालयों के अंतर्गत आने वाले 19 जिलों में एनसीसीएफ द्वारा खरीद का कार्य कराया जाएगा।
किसान ऐसे कर सकेंगे पंजीयन
सरसों और चना बेचने के इच्छुक किसान क्यूआर कोड स्कैन कर या नजदीकी ई-मित्र केन्द्र पर जाकर ऑनलाइन पंजीकरण करा सकेंगे। समर्थन मूल्य पर खरीद किसानों की आधार आधारित बायोमेट्रिक पहचान के माध्यम से की जाएगी।
भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार नैफेड और एनसीसीएफ द्वारा समर्थन मूल्य पर खरीद 60 दिनों की अवधि में पूरी की जाएगी। सहकारिता मंत्री ने राजफेड को निर्देश दिए हैं कि खरीद केन्द्रों पर तौल, भंडारण, पेयजल, छाया सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं।
साफ-सुथरी फसल लाने की अपील
उन्होंने किसानों से अपील की कि वे एफएक्यू गुणवत्ता मानकों के अनुरूप अपनी फसल को अच्छी तरह साफ-सुथरा कर तथा छानकर ही खरीद केन्द्रों पर लाएं, ताकि जिंस का विक्रय सुचारु रूप से हो सके। किसानों की सहायता के लिए राजफेड में कॉल सेंटर (18001806001) भी स्थापित किया गया है।
कोटा क्षेत्र के इन जिलों में होगी खरीद
राजफेड के कोटा क्षेत्रीय कार्यालय के अंतर्गत कोटा, बारां, बूंदी और झालावाड़ जिलों में निर्धारित खरीद केन्द्रों पर सरसों और चना की खरीद की जाएगी।
मंत्री दक ने कहा कि राज्य सरकार किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है तथा समर्थन मूल्य पर खरीद की प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संचालित किया जाएगा।
