भवानीमंडी, 09 मार्च।
राजस्थान टेक्सटाइल मिल्स (RTM) परिसर स्थित श्रमिक कॉलोनी के मंदिर में सोमवार को श्रद्धा और भक्ति के माहौल में बजरंगबली की मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा एवं भव्य हवनाहुति का कार्यक्रम संपन्न हुआ। धार्मिक अनुष्ठान के दौरान मंत्रोच्चार और जयकारों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भवानीमंडी की उपखंड अधिकारी (SDM) श्रद्धा गोमे ने भाग लिया और विधि-विधान के साथ हवन कुंड में आहुति देकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। वहीं राजस्थान टेक्सटाइल मिल्स के कार्यकारी अध्यक्ष रोहित अरोड़ा मुख्य यजमान के रूप में उपस्थित रहे और उन्होंने भी हवन में आहुतियां अर्पित कीं।
इस अवसर पर संस्थान के एक्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट संजीव सिंह, सुनील शर्मा, सी.पी. प्रसाद, के.के. मिश्रा, महेंद्र कुमावत, सर्वेश्वर माहेश्वरी, एस.एस. झाला सहित संस्थान के अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं श्रमिक अपने परिवारजनों के साथ कार्यक्रम में शामिल हुए।
पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति रही और बजरंगबली के जयकारों से मंदिर परिसर गूंजता रहा। कार्यक्रम के समापन पर राजस्थान टेक्सटाइल मिल्स द्वारा विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और श्रमिकों ने प्रसाद ग्रहण किया।
संस्थान की ओर से कहा गया कि इस धार्मिक आयोजन का उद्देश्य संस्थान की निरंतर प्रगति और सभी कर्मचारियों व क्षेत्रवासियों के कल्याण की कामना करना है।

