नेत्रदान व नेत्र चिकित्सा में उत्कृष्ट कार्य पर भारत विकास परिषद विवेकानंद शाखा प्रांतीय स्तर पर सम्मानित



बूंदी में हुए प्रांतीय अधिवेशन में ट्रॉफी व प्रशस्ति-पत्र मिला; 26 जोड़ी नेत्रदान और हजारों मरीजों के उपचार का मिला सम्मान

भवानीमंडी | भारत विकास परिषद विवेकानंद शाखा भवानीमंडी को नेत्रदान एवं नेत्र चिकित्सा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए प्रांतीय स्तर पर उत्कृष्टता सम्मान से सम्मानित किया गया। बूंदी के एक निजी रिसोर्ट में आयोजित भारत विकास परिषद के प्रांतीय अधिवेशन एवं उत्कृष्टता सम्मान समारोह में परिषद की विवेकानंद शाखा को ट्रॉफी एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया गया।

परिषद के नेत्रदान एवं मीडिया प्रभारी कमलेश गुप्ता दलाल ने बताया कि समारोह में क्षेत्रीय अध्यक्ष अरविंद गोयल, क्षेत्रीय संयुक्त महासचिव कमल सुरेका, संस्कार सचिव किशन पाठक, महिला प्रभारी सुनीता गोयल, प्रांतीय अध्यक्ष रविशंकर मुंदडा, महासचिव हिमांशु चतुर्वेदी तथा वित्त सचिव अरविंद गर्ग ने सत्र 2025-26 में नेत्रदान एवं नेत्र चिकित्सा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने पर विवेकानंद शाखा भवानीमंडी को सम्मानित किया। यह सम्मान परिषद शाखा के संरक्षक गोविंद भराड़िया, प्रांतीय नेत्र चिकित्सा सहप्रभारी डी.के. गुप्ता, प्रांतीय आमंत्रित सदस्य ओमप्रकाश चतुर्वेदी तथा जितेंद्र गर्ग ने प्राप्त किया।

परिषद शाखा के अध्यक्ष हेमराज शर्मा और सचिव आदित्य नाहर ने बताया कि शाखा द्वारा सत्र 2025-26 में रिकॉर्ड 26 जोड़ी नेत्रदान प्राप्त किए गए, जो पूरे देश में सर्वश्रेष्ठ उपलब्धि मानी जा रही है। इसके अलावा परिषद द्वारा 140 नेत्र चिकित्सा शिविरों के माध्यम से 32,150 मरीजों की जांच की गई तथा 9,949 मरीजों के निशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन करवाए गए।

परिषद शाखा द्वारा वर्षभर जल मंदिर प्रकल्प, नवसंवत्सर पर नीम शरबत वितरण, पर्यावरण संरक्षण व वृक्षारोपण, संस्कार शिविर, अंगदान जागरूकता और रक्तदान शिविर जैसे कई सामाजिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं। परिषद पदाधिकारियों ने इस सम्मान का श्रेय भवानीमंडी के नागरिकों को देते हुए कहा कि शहरवासियों के सहयोग से ही परिषद लगातार जनसेवा के कार्यों में अग्रसर है।

उपलब्धियों पर एक नजर

26 जोड़ी नेत्रदान प्राप्त
140 नेत्र चिकित्सा शिविर आयोजित
32,150 मरीजों की जांच
9,949 मरीजों के निशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!