म
भवानीमंडी। (जगदीश पोरवाल)
अगले माह अप्रैल से शुरू होने वाले शादी-विवाह के सीजन की आहट के साथ ही भवानीमंडी का बाजार रौनक से भरने लगा है। लगातार बढ़ती महंगाई और सोने-चांदी के आसमान छूते भावों के बावजूद शादी से जुड़े सामानों की खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ बाजार में उमड़ने लगी है।
शहर के सराफा बाजार में इन दिनों ग्राहकों की चहल-पहल बढ़ गई है। सोने-चांदी के भावों में लगातार उतार-चढ़ाव के बावजूद लोग शादी के लिए जरूरी आभूषण खरीदने दुकानों पर पहुंच रहे हैं। सराफा व्यापारी दीपक सोनी का कहना है कि विवाह सीजन के चलते ग्राहक पहले से ही खरीदारी करने लगे हैं, ताकि बाद में भीड़ और भाव बढ़ने की स्थिति से बचा जा सके।
इधर कपड़ा बाजार भी इन दिनों पूरी तरह से सक्रिय नजर आ रहा है। थोक और खुदरा कपड़ा व्यापारियों के यहां शादी-ब्याह के कपड़ों की खरीदारी के लिए ग्राहकों की भीड़ दिखाई दे रही है। खासतौर पर साड़ियों, लहंगों, सूट और दूल्हा-दुल्हन के परिधानों की मांग में तेजी आई है। महिलाओं के साथ पुरुष भी बड़ी संख्या में कपड़ों की दुकानों पर खरीदारी करते नजर आ रहे हैं।
200 किलोमीटर दूर तक से आते हैं खरीदार
भवानीमंडी का बाजार आसपास के क्षेत्र में प्रमुख थोक बाजार के रूप में जाना जाता है। यहां कपड़ा, साड़ी, मनिहारी सामान और सराफा बाजार की अच्छी खासी पहचान है। यही कारण है कि करीब 200 किलोमीटर दूर तक के गांवों और कस्बों से लोग शादी-विवाह के लिए जरूरी सामान खरीदने भवानीमंडी पहुंचते हैं।
व्यापारियों के अनुसार जैसे-जैसे अप्रैल और मई के विवाह मुहूर्त नजदीक आएंगे, वैसे-वैसे बाजार में ग्राहकों की भीड़ और बढ़ने की संभावना है।
महंगाई के बावजूद खरीदारी मजबूरी
महंगाई भले ही लगातार बढ़ रही हो, लेकिन शादी-विवाह जैसे सामाजिक आयोजनों में जरूरी सामान की खरीदारी करना लोगों की मजबूरी होती है। इसी कारण लोग बजट के अनुसार खरीदारी कर रहे हैं, लेकिन बाजार की रौनक में किसी प्रकार की कमी नजर नहीं आ रही।
शादी सीजन से बाजार में बढ़ी रौनक
अप्रैल से शुरू होंगे विवाह के मुहूर्त
सराफा बाजार में बढ़ी ग्राहकों की आवाजाही
कपड़ा और साड़ी बाजार में भी खरीदारी तेज
200 किमी दूर तक से भवानीमंडी आते हैं खरीदार

