भवानीमंडी । ( जगदीश पोरवाल ) झालावाड़ पुलिस ट्रेनिंग कैंप में गुरुवार को होली का त्योहार एक अलग और प्रेरणादायक अंदाज में मनाया गया। यहां रंग-गुलाल के साथ पुलिस प्रशिक्षण ले रहे जवानों को फिटनेस और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से “होली विद हेल्थ” थीम के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया।
ट्रेनिंग कैंप के कमांडेंट एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गोपीचंद मीणा के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में जवानों ने जमीन पर लेटकर पलटी मारना, लेटे-लेटे व्यायाम करना और अन्य शारीरिक अभ्यास किए। इन गतिविधियों के माध्यम से जवानों को यह संदेश दिया गया कि त्योहारों के उत्साह के बीच भी स्वास्थ्य का ध्यान रखना बेहद जरूरी है।
समय समय पर फिटनेस से जुड़े विभिन्न अभ्यास भी कराए जाते हैं-
मीणा ने बताया कि पुलिस प्रशिक्षण के दौरान जवानों को समय-समय पर स्वास्थ्य और फिटनेस से जुड़े विभिन्न अभ्यास कराए जाते हैं, ताकि वे शारीरिक रूप से मजबूत और मानसिक रूप से भी सक्रिय रह सकें।

“होली विद हेल्थ” की जिला पुलिस अधीक्षक ने भी सराहना की-
श्री गोपीचंद मीणा ने बताया कि “होली विद हेल्थ” की यह पहल जवानों में सकारात्मक ऊर्जा और फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास है।
इस पहल की जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने भी सराहना करते हुए इसे एक अभिनव प्रयोग बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम जवानों के मनोबल और स्वास्थ्य दोनों के लिए उपयोगी साबित होते हैं।
कैंप में 546 जवान प्रशिक्षण ले रहे हैं –
झालावाड़ पुलिस ट्रेनिंग कैंप में वर्तमान में करीब 546 पुलिसकर्मी प्रशिक्षण ले रहे हैं, जिन्हें नियमित रूप से स्वास्थ्य और अनुशासन से जुड़े अभ्यास कराए जाते हैं। दुलेंडी के अगले दिन आयोजित इस कार्यक्रम में जवानों ने रंगों के साथ-साथ फिटनेस गतिविधियों का भी भरपूर आनंद लिया।
इ
ट्रेनिंग कैंप एक नजर में
स्थान : झालावाड़ पुलिस ट्रेनिंग कैंप, भवानीमंडी
प्रशिक्षण ले रहे पुलिसकर्मी : 546
विशेष पहल : ‘होली विद हेल्थ’ थीम
गतिविधियां : जमीन पर लेटकर व्यायाम, पलटी अभ्यास, फिटनेस ड्रिल
उद्देश्य : जवानों में स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाना ।
“त्योहारों की खुशी के साथ स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी जरूरी है। ‘होली विद हेल्थ’ के माध्यम से जवानों को यही संदेश दिया गया है।”
— गोपीचंद मीणा, कमांडेंट व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक झालावाड़

