रामनगर में पाइपलाइन लीकेज से एक सप्ताह से जल संकट: उपभोक्ताओं ने जलदाय विभाग को सौंपा ज्ञापन

भवानीमंडी। रामनगर क्षेत्र में पाइपलाइन लीकेज के कारण पिछले 7 दिनों से पेयजल आपूर्ति बाधित है। कई घरों में नलों से पानी नहीं आ रहा, जबकि सड़कों पर पानी बहने से जलभराव की स्थिति बन रही है। परेशान उपभोक्ताओं प्रदीप कुमार शर्मा और सज्जन बाई ने जलदाय विभाग को लिखित शिकायत देकर तत्काल मरम्मत की मांग की है।

शिकायत में क्या कहा-

उपभोक्ताओं ने अपने आवेदन में बताया कि मुख्य पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से आपूर्ति प्रभावित है। लीकेज के कारण एक ओर पानी की बर्बादी हो रही है, वहीं दूसरी ओर लोगों को पीने के पानी के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि समस्या की सूचना देने के बावजूद अब तक
स्थायी समाधान नहीं हुआ।

कनेक्शन आपका है तो ठीक भी आप कराएं’-

उपभोक्ता प्रदीप कुमार शर्मा का कहना है कि विभागीय स्तर पर उन्हें बताया गया कि यदि कनेक्शन में लीकेज है तो उसे स्वयं ठीक करवाना होगा। इस पर उन्होंने आपत्ति जताते हुए कहा कि यदि बाहरी कार्य के दौरान लाइन क्षतिग्रस्त हुई है तो उसकी जिम्मेदारी संबंधित एजेंसी या विभाग की बनती है।

सहायक अभियंता का पक्ष-

जलदाय विभाग के सहायक अभियंता मनप्रकाश सैनी ने बताया कि क्षेत्र में केबल डालने के दौरान पाइपलाइन को नुकसान पहुंचने की जानकारी मिली है। संबंधित कंपनी को नोटिस जारी कर दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि मेन लाइन (मुख्य पाइपलाइन) में लीकेज है तो विभाग मरम्मत करवाएगा, लेकिन निजी कनेक्शन में खराबी होने पर उपभोक्ता को ही उसे दुरुस्त कराना होगा।

समाधान का इंतजार-

विभाग ने शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इधर, क्षेत्रवासियों का कहना है कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा में देरी से लोगों की परेशानी बढ़ रही है। अब सभी की नजर विभागीय कार्रवाई पर टिकी है कि लीकेज कब तक ठीक होता है और आपूर्ति कब सुचारु होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!