भवानीमंडी। (जगदीश पोरवाल)
3 मार्च धुलेंडी की रात राधेश्याम मंदिर की बगीची में आयोजित व्यापार महासंघ का कवि सम्मेलन भले ही कविताओं के लिए रखा गया हो, लेकिन असली मंच तो “ड्रेस कोड” ने ही लूट लिया। कवि जमे या नहीं जमे, यह चर्चा बाद की रही—नगर में तो चर्चा सिर्फ “काले कुर्ते-पजामे पठानी सूट” की ही जमती रही।
कवि सम्मेलन से ज्यादा चर्चे ड्रेस कोड के
महासंघ के पदाधिकारी काले पठानी सूट पर राजस्थानी दुपट्टा डाले जब एक साथ मंच और परिसर में नजर आए तो दृश्य किसी कवि सम्मेलन से कम और “ब्लैक थीम फैशन शो” से ज्यादा प्रतीत हुआ। उपस्थित व्यापारियों के बीच फुसफुसाहट शुरू हुई ।

“ये कवि सम्मेलन है या ब्लैक कैट कमांडो की पासिंग आउट परेड?”
कवि भी भला कैसे चूकते! मंच से ही चुटकी ली गई—
“अक्सर ऐसे आयोजनों में महिलाएं एक रंग के वस्त्र पहनती हैं,
पर आज तो व्यापारी बंधु ही ‘लेडीज़ क्लब’ की परंपरा निभाते दिख रहे हैं!”
बस फिर क्या था, श्रोताओं में मुस्कान और मंच पर हल्की-फुल्की तुकबंदी—दोनों साथ-साथ चल पड़ीं।
काले रंग की उपमाओं की बरसात
काले ड्रेस कोड पर अलग-अलग उपमाओं की झड़ी लग गई—
“पहला तो काला रंग विरोध प्रदर्शन का प्रतीक होता है।”
“ब्लैक कैट कमांडो भी इसी रंग में दिखते हैं।”
“निजी सुरक्षा बाउंसरों का ड्रेस कोड भी काला ही होता है।”
कुछ फिल्मी रसिकों ने तो ‘धुरंधर’ फिल्म का भी जिक्र छेड़ दिया।
कुल मिलाकर कवि सम्मेलन में कविता कम और ‘काला-चर्चा’ ज्यादा सुनाई दी।
कार्यकारिणी की बैठक में तय हुआ
व्यापार महासंघ अध्यक्ष गिरीश सोमानी ने स्पष्ट किया कि कार्यकारिणी की बैठक में सर्वसम्मति से ब्लैक ड्रेस कोड तय किया गया था ।
कपड़ा सूरत से मंगवाया गया था। योजना थी कि पीछे “व्यापार महासंघ होली 2026” छपवाया जाए, लेकिन कपड़ा देरी से आने के कारण यह विचार भी काले रंग में ही रह गया।
कविता से ज्यादा ‘काला करिश्मा
बुधवार को दिनभर नगर में यही चर्चा रही—
“कवि कैसे रहे?” इस पर लोगों ने चुप्पी साध ली,
पर “काला ड्रेस कोड कैसा लगा?” इस पर हर किसी के पास अपनी कविता तैयार थी।
कुल मिलाकर धुलेंडी की इस रात में रंग तो बहुत उड़े,
पर सबसे गाढ़ा रंग—काला—ही छाया रहा।”

अब चर्चा कवि सम्मेलन की
भवानीमंडी व्यापार महासंघ द्वारा मंगलवार को आयोजित कवि सम्मेलन में देश के नामी कवियों सुनील व्यास,चेतन चर्चित,रोहित झन्नाट,हिमांशु बवंडर के काव्य पाठ किया ।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। उद्घाटन समारोह में डॉ. जे.के. अरोड़ा, आरटीएम श्री संजीव सिंह, पुलिस उपाधीक्षक प्रेम कुमार चौधरी, मंडल अध्यक्ष प्रदीप जैन तथा नगर कांग्रेस अध्यक्ष विनय आस्तोलिया एवम व्यापार महासंघ अध्यक्ष द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इसके पश्चात महासंघ की कार्यकारिणी द्वारा आमंत्रित कवियों का माल्यार्पण एवं साफा पहनाकर आत्मीय स्वागत किया ,संचालन प्रकाश गुप्ता सी ए द्वारा किया गया ।


