नगर पालिका चुनाव से पहले भवानीमंडी में विकास की 12 सूत्रीय मांगें, घोषणापत्र में शामिल करने की अपील


भवानीमंडी। ( जगदीश पोरवल )आगामी नगर पालिका चुनाव की सरगर्मियों के बीच शहर में विकास के मुद्दे अब खुलकर सामने आने लगे हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर सक्रिय भवानीमंडी जिला बनाओ समिति ने नगर हित में 12 सूत्रीय मांगपत्र जारी करते हुए सभी राजनीतिक दलों से अपील की है कि वे इन मांगों को अपने-अपने चुनावी घोषणापत्र में अनिवार्य रूप से शामिल करें।
समिति का कहना है कि यह मांगें किसी दल विशेष के विरोध या समर्थन में नहीं, बल्कि शहर के दीर्घकालीन विकास को ध्यान में रखकर रखी गई हैं। यदि इन बिंदुओं पर गंभीरता से कार्य किया जाए तो यातायात व्यवस्था, सौंदर्यकरण, सुरक्षा और नागरिक सुविधाओं में व्यापक सुधार संभव है।

जर्जर सड़कों पर सबसे अधिक चिंता

समिति ने 12 दुकान तिराहा से अम्बेडकर सर्किल मेला मैदान तथा सिंधी मोहल्ला मार्ग की स्थिति को अत्यंत खराब बताते हुए कहा कि यह दोनों प्रमुख मार्ग वर्षों से दुर्दशा का शिकार हैं। गड्ढों और टूट-फूट के कारण आमजन, वाहन चालकों और व्यापारियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। मांग की गई है कि इन सड़कों का सीसी रोड के रूप में पुनर्निर्माण कर स्थायी समाधान किया जाए।


सौंदर्यकरण व यातायात सुधार पर जोर

सिंधी मोहल्ला डिवाइडर को ऊँचा कर पुनर्निर्माण एवं सौंदर्यकरण की मांग की गई है। इसी तरह रामनगर प्रवेश द्वार पर हाल ही में बने चौड़े सीसी रोड की सुंदरता बढ़ाने के लिए पूर्व बोर्ड द्वारा निरस्त डिवाइडर का निर्माण और पर्याप्त स्ट्रीट लाइट लगाने की आवश्यकता बताई गई है।
शहर के मध्य स्थित नव निर्मित गांधी सर्किल को अतिक्रमण से मुक्त कराने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई है। समिति का कहना है कि यदि ठेले-खोमचे और अव्यवस्थित पार्किंग हटाई जाए तो यह स्थल शहर की पहचान बन सकता है।

स्टेशन रोड चौड़ीकरण की आवश्यकता

शहर के प्रमुख व्यावसायिक मार्ग स्टेशन रोड पर बीच रास्ते में लगे लाइट व टेलीफोन पोल यातायात में बाधा बन रहे हैं। इसके अतिरिक्त कुछ दुकानदारों द्वारा 15-20 फीट तक आगे बढ़ाए गए टिन शेड से सड़क संकरी हो गई है। समिति ने प्रशासन से सख्ती बरतते हुए सड़क चौड़ीकरण और पोलों को साइड में स्थानांतरित करने की मांग की है, ताकि जाम की समस्या से राहत मिल सके।


बढ़ते ट्रैफिक को देखते हुए नई योजना

पचपहाड़ मार्ग पर कृषि उपज मंडी से बाबा तिराहे तक डिवाइडर एवं स्ट्रीट लाइट युक्त चौड़ी सड़क निर्माण की मांग रखी गई है। इसी प्रकार सुलिया चौकी से पचपहाड़ तक लगभग 9 किलोमीटर मार्ग को सिटी फोरलेन के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव भी रखा गया है, जिससे भविष्य में बढ़ते यातायात का दबाव कम किया जा सके।
एसडीएम कार्यालय तिराहा से सुलिया चौकी तिराहे तक रोड लाइट लगाने की मांग भी प्रमुख है, क्योंकि इस मार्ग पर कॉलेज, सरकारी कार्यालय, विद्युत विभाग कार्यालय और रिसोर्ट स्थित हैं तथा देर रात तक आवाजाही रहती है।

बाईपास, गौरव पथ व खेल स्टेडियम

मेला मैदान से बस स्टैंड होते हुए बाईपास तक गौरव पथ की प्रकाश व्यवस्था सुधारने की आवश्यकता बताई गई है। साथ ही एसडीएम कार्यालय से भैंसोदा रेल ओवरब्रिज तक बाईपास निर्माण की मांग रखी गई है, जिससे भारी वाहनों का दबाव शहर के भीतर कम हो सके।
नगर के युवाओं के लिए खेल स्टेडियम निर्माण को भी प्राथमिकता में रखा गया है। समिति का कहना है कि खेल सुविधाओं के अभाव में प्रतिभाएं निखर नहीं पा रहीं।

विकास राजनीति से ऊपर

समिति ने स्पष्ट किया कि चुनावी वादों से आगे बढ़कर इन मांगों पर ठोस कार्ययोजना बनाना आवश्यक है। नगर के दोनों प्रमुख दलों के जनप्रतिनिधियों से अपील की गई है कि वे विकास को राजनीति से ऊपर रखकर भवानीमंडी के सुनियोजित विस्तार और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की दिशा में ठोस कदम उठाएं।
अब चुनावी माहौल में यह देखना दिलचस्प होगा कि कौन सा दल इन मुद्दों को अपने घोषणापत्र में प्रमुखता देता है और जनता के सामने विकास का स्पष्ट रोडमैप प्रस्तुत करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!