नंदू भाई शंकर लाल आदर्श विद्या मंदिर में विश्व हिंदू परिषद-बजरंग दल का दो दिवसीय अभ्यास वर्ग सम्पन्न


भवानीमंडी। विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के तत्वावधान में रामनगर स्थित नंदू भाई शंकर लाल आदर्श विद्या मंदिर परिसर में दो दिवसीय अभ्यास वर्ग कार्यक्रम आयोजित किया गया। वर्ग में संगठन के आगामी कार्यक्रमों, विस्तार योजनाओं और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
जिला अध्यक्ष बालू सिंह चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि जहां-जहां संगठन की कार्यकारिणी गठित है, वहां-वहां राम उत्सव के भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि इन आयोजनों के माध्यम से समाज में सांस्कृतिक जागरण और संगठन की सक्रियता को मजबूती मिलेगी।
दो दिवसीय वर्ग के अंतर्गत योग एवं प्राणायाम सत्र का संचालन जिला सह मंत्री हेमंत राठौड़ ने किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को नियमित योगाभ्यास के महत्व पर प्रकाश डालते हुए शारीरिक एवं मानसिक सुदृढ़ता का संदेश दिया।
वहीं प्रांत मिलन केंद्र प्रमुख राहुल राठौड़ ने बजरंग दल के विषय को विस्तार से समझाते हुए मिलन केंद्रों के नियमित संचालन, युवाओं की भागीदारी और संगठनात्मक संरचना को मजबूत बनाने पर मार्गदर्शन दिया।
वर्ग अधिकारी यशवंत सिंह सिसोदिया का सानिध्य भी कार्यकर्ताओं को प्राप्त हुआ। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता माननीय प्रांत अध्यक्ष प्रताप सिंह ‘भाई साहब’ रहे। उन्होंने अपने संबोधन में संगठन की विचारधारा, सेवा कार्यों और अनुशासन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कार्यकर्ताओं से समर्पण भाव से कार्य करने का आह्वान किया।
बैठक में विभाग संयोजिका कामाक्षी गुप्ता, जिला उपाध्यक्षा मंगला गुप्ता, जिला मातृशक्ति प्रमुख कोमल बसवाल, जिला कोषाध्यक्ष कल्याण मेघवाल, जिला उपाध्यक्ष भाव सिंह, जिला संयोजक ईश्वर सिंह खोकरिया, जिला बलोपासना प्रमुख यादवेंद्र सिंह एवं जिला सहसंयोजक बंटी हाड़ा सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अभ्यास वर्ग का समापन संगठनात्मक एकजुटता एवं आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!