
ब
बारां। बारां से प्रकाशित हिन्दी दैनिक अमिट अक्षर समाचार पत्र के स्थापना दिवस पर रविवार को शहर के Hotel Suraj Inn में स्नेह मिलन एवं प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन हुआ। समारोह में प्रशासन, राजनीति और पत्रकारिता जगत की प्रमुख हस्तियों ने शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, उसकी चुनौतियों और मूल्यों पर गंभीर चर्चा भी हुई।
कार्यक्रम की शुरुआत संपादक कुश कुमार मिश्रा ने अतिथियों के स्वागत एवं परिचय के साथ की। उन्होंने कहा कि अमिट अक्षर का उद्देश्य शुरू से ही जनहित के मुद्दों को निर्भीकता से उठाना रहा है और भविष्य में भी यही संकल्प रहेगा।
बदलते दौर में भी निष्पक्षता जरूरी: अनिल अग्रवाल
मुख्य अतिथि संभागीय आयुक्त अनिल अग्रवाल ने कहा कि आज तकनीक के विस्तार और सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के कारण पत्रकारिता के मानदंड बदल रहे हैं, लेकिन उसकी आत्मा निष्पक्षता और निर्भीकता ही है। उन्होंने कहा, “समाचार पत्र लोकतंत्र का मजबूत स्तंभ हैं। यदि पत्रकारिता अपनी विश्वसनीयता बनाए रखे, तो समाज को सही दिशा मिलती है।

जार पत्रकारों का सशक्त मंच: संजय सैनी
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे Journalists Association of Rajasthan (जार) के प्रदेश अध्यक्ष संजय सैनी ने कहा कि जार प्रदेश में पत्रकारों का एकमात्र विश्वसनीय संगठन है, जो पत्रकारों के अधिकारों और सुरक्षा के लिए निरंतर संघर्ष कर रहा है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को संगठित रहकर अपनी ताकत को पहचानना होगा।
जनप्रतिनिधियों ने पत्रकारिता की सराहना-
विशिष्ट अतिथि विधायक डॉ. ललित मीणा, विधायक राधेश्याम बैरवा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश चौधरी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष हंसराज मीणा एवं भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश सिंह सिकरवार ने भी अपने संबोधन में अमिट अक्षर की निष्पक्ष और ईमानदार पत्रकारिता की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाकर पत्र ने आमजन की आवाज को मजबूत मंच दिया है।
जार के प्रदेश संयोजक राकेश कुमार शर्मा एवं प्रदेश संगठन महामंत्री भवँर सिंह कछवाहा भी मंचासीन रहे।
प्रतिभाओं का हुआ सम्मान-
समारोह के दौरान अमिट अक्षर समाचार पत्र समूह की ओर से शिक्षा, समाजसेवा, चिकित्सा, प्रशासन एवं अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित प्रतिभाओं ने इसे अपने कार्यों के लिए प्रेरणा बताया।

कार्यक्रम में कार्यकारी संपादक गर्वित मिश्रा ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि चेयरपर्सन श्रीमती नीना मिश्रा ने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पाठकों का विश्वास ही अमिट अक्षर की सबसे बड़ी पूंजी है।
समारोह उत्साह, आत्मीयता और पत्रकारिता के मूल्यों के संकल्प के साथ संपन्न हुआ। स्थापना दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम न केवल स्नेह मिलन का अवसर बना, बल्कि निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्धता को भी दोहराने का मंच साबित हुआ।

