भवानीमंडी में धुलण्डी पर निकलेगी भव्य होली गैर यात्रा, गुलाल से सराबोर होगा नगर


भवानीमंडी। ( जगदीश पोरवाल )श्री राधेश्याम मंदिर में चल रहे होली महोत्सव-2026 के अंतर्गत इस वर्ष धुलण्डी पर नगर में पारम्परिक फाग गैर यात्रा बड़े उत्साह और भक्ति भाव से निकाली जाएगी।
ट्रस्ट अध्यक्ष के.के. राठी ने जानकारी देते हुए बताया कि 2 मार्च को संध्या समय होलिका दहन का आयोजन होगा, जबकि 3 मार्च को प्रातः 9:30 बजे से गैर यात्रा श्री राधेश्याम मंदिर परिसर से प्रारंभ होगी।
नगर की यह विशेष गैर भक्त और भगवान के स्नेह मिलन का प्रतीक मानी जाती है। गैर यात्रा में प्रभु श्री राधेश्याम जी चित्रपट स्वरूप में भक्तों के साथ विराजमान रहेंगे तथा ठाकुर श्री बाँके बिहारी जी की मनोहारी झांकी के दर्शन भी होंगे।

लाइव भजन संकीर्तन रहेगा आकर्षण का केंद्र

इस वर्ष गैर यात्रा में विशेष आकर्षण के रूप में प्रभु के भजनों का लाइव कॉन्सर्ट साथ-साथ चलेगा। इंदौर के प्रसिद्ध गैर भजन गायक श्री पीयूष भावसार अपनी सुमधुर प्रस्तुति से वातावरण को भक्तिमय बनाएंगे।

ब्रज की परम्पराओं का जीवंत प्रदर्शन

गैर यात्रा में ब्रज की प्रसिद्ध लट्ठमार होली एवं छड़ी मार होली का जीवंत प्रदर्शन किया जाएगा। यात्रा मार्ग पर ब्रज के विभिन्न नामों से सजाए गए भव्य द्वार श्रद्धालुओं का स्वागत करेंगे।
परम्परागत मार्ग से होते हुए गैर यात्रा बगीची पहुंचेगी, जहां ठाकुर जी की वृंदावन होली आयोजित होगी। यहां सेवायतों द्वारा भक्तों को ठाकुर जी के साथ गुलाल होली खेलने का सौभाग्य मिलेगा। साथ ही सीमित मात्रा में रंग होली एवं जलरास का आयोजन भी किया जाएगा।

पानी का उपयोग नहीं करने की अपील

ट्रस्ट अध्यक्ष राठी ने सभी भक्तों से आग्रह किया है कि गैर यात्रा के दौरान केवल गुलाल होली ही खेलें तथा पानी का प्रयोग न करें। पानी और रंग की होली बगीची में सीमित रूप से आयोजित होगी, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु प्रभु के साथ भक्तिभाव से गुलाल होली का आनंद ले सकें।
नगर में होली गैर को लेकर भक्तों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। श्रद्धालु तैयारियों में जुटे हैं और पूरा वातावरण फागुन के रंग में रंगने लगा है।
धुलण्डी पर भवानीमंडी एक बार फिर भक्ति और उल्लास के रंगों से सराबोर होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!