भवानीमंडी। ( जगदीश पोरवाल ) रंगों के पावन पर्व धुलंडी के अवसर पर नित्य संकीर्तन प्रभात फेरी परिवार द्वारा 3 मार्च, मंगलवार को शहर में भव्य होली की गैर का आयोजन किया जाएगा। प्रतिवर्ष आयोजित होने वाली इस पारंपरिक गैर को लेकर श्रद्धालुओं और धर्मप्रेमी नागरिकों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
आयोजन समिति के पुरुषोत्तम कचोलिया एवं कपिल भराड़िया ने बताया कि अ गैर प्रातः 6:30 बजे श्री मंषापूर्ण बालाजी मंदिर परिसर से विधिवत पूजा-अर्चना के साथ प्रारंभ होगी। इसके पश्चात प्रभात फेरी नगर के निर्धारित मार्गों से होकर निकलेगी और अंत में पुनः मंदिर परिसर में ही समापन होगा। संपूर्ण मार्ग पर श्रद्धालु भगवान के जयकारों, अबीर-गुलाल और फाग गीतों के साथ भक्तिमय वातावरण का निर्माण करेंगे।
होली के रसिया ठाकुर जी भी शामिल होंगे
इस वर्ष की होली गैर को विशेष बनाने के लिए होली के रसिया श्री ठाकुर जी भी शामिल होंगे। उनके द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक फाग और रसिया भजनों से पूरा वातावरण कृष्णमय और उल्लासपूर्ण हो उठेगा। ढोल, मंजीरे और कीर्तन मंडली के साथ श्रद्धालु झूमते-गाते नगर भ्रमण करेंगे।
आयोजकों ने बताया कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। इसी भावना को सशक्त करने के उद्देश्य से यह आयोजन किया जा रहा है, ताकि नई पीढ़ी भी हमारी सांस्कृतिक और धार्मिक परंपराओं से जुड़ सके।
अपील की
नित्य संकीर्तन प्रभात फेरी परिवार ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में अपने परिवार, मित्रों एवं समाजजनों के साथ उपस्थित होकर इस भव्य होली गैर में भाग लें और उत्सव को सफल बनाएं।



