राधेश्याम मंदिर परिसर में होली महोत्सव के तहत होगा आज फाग उत्सव

भवानीमंडी, 28 फरवरी। ( जगदीश पोरवाल )
श्री राधेश्याम मंदिर परिसर में होली के पावन अवसर पर फागोत्सव की भक्ति सरिता प्रवाहित हो रही है। 27 फरवरी को रात्रि 8 बजे मंदिर ट्रस्ट एवं पत्रकारों के संगठन जर्नलिस्ट एसोसिएशन ऑफ राजस्थान (जार) के संयुक्त तत्वावधान में भव्य फागोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें श्रद्धालुजन भजनों और फाग गायन पर देर रात तक झूमते रहे।
कार्यक्रम में होली के पारंपरिक भजनों की प्रस्तुति दी गई। “रंग मत डालो रे सांवरिया” जैसे भक्तिमय फाग गीतों पर महिलाओं और पुरुषों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मंदिर परिसर रंग-गुलाल और भक्तिरस से सराबोर नजर आया।
श्री राधेश्याम मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष के. के. राठी ने बताया कि फाल्गुन मास के इस पावन अवसर पर मंदिर में लगातार धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 27 फरवरी को आयोजित फागोत्सव ने होली महोत्सव की सुंदर शुरुआत की है।
इसी क्रम में 28 फरवरी 2026 को रात्रि 8 बजे मंदिर परिसर में भव्य होली महोत्सव एवं फाग उत्सव का आयोजन किया जाएगा। राधेश्याम संकीर्तन मंडल द्वारा भजन सेवा एवं प्रभु सेवक टीम द्वारा पारंपरिक फाग गायन प्रस्तुत किया जाएगा। मंदिर परिसर को आकर्षक सजावट से सजाया जाएगा तथा श्रद्धालुओं के लिए समुचित व्यवस्थाएं की गई हैं।
अध्यक्ष के. के. राठी ने समस्त धर्मप्रेमी बंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर भक्ति, प्रेम और सौहार्द के इस उत्सव में सहभागी बनने का आग्रह किया है।
कार्यक्रमों का आयोजन श्री राधेश्याम मंदिर ट्रस्ट, भवानीमंडी द्वारा किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!